नरेंद्र मोदी पर राज ठाकरे का निशाना,
(MAHARASHTRA, India) दो साल पहले गुजरात जाकर नरेंद्र मोदी की तारीफ करने वाले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे गुरुवार को उन पर गरम हो गए. राज ने बीजेपी के पीएम पद के प्रत्‍याशी नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है कि यदि पीएम बनना है तो सीएम पद छोड़ दो. राज ठाकरे ने मोदी पर भड़ास निकालते हुए कहा कि अब नरेंद्र मोदी को गुजरात का सीएम रहने का कोई हक नहीं है. उन्‍हें अब इस पद से तुरंत इस्‍तीफा दे देना चाहिए. राज ठाकरे के मोदी पर इस हमले को लोकसभा चुनाव में एनडीए में न शामिल हो पाने की खीझ के रूप में देखा जा रहा है. हाल में एनडीए में राजू शेट्टी की स्‍वाभिमानी शेतकारी संगठन भी शामिल हो गई है. अब महाराष्ट्र में बीजेपी, शिवसेना, रिपब्लिकन पार्टी और स्‍वाभिमानी शेतकारी संगठन साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे. गौरतलब है कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे आज से दो साल पहले जब गुजरात गए थे, तो उन्‍होंने नरेंद्र मोदी के सम्‍मान में काफी तारीफों के पुल बांध दिए थे. तभी से यह कयास लगाए जा रहे थे कि भविष्‍य में एनडीए के साथ राज आ सकते हैं. लेकिन शेट्टी के एनडीए में आने के बाद ऐसी सभी अटकलों पर विराम लग गया है.


Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।