राहुल गांधी के बयान पर वेद प्रताप वैदिक की सफाई- मैं कभी आरएएसएस का सदस्‍य नहीं रहा
(DELHI, India) कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी के बयान पर मंगलवार को सफाई देते हुए वैदिक ने कहा कि मैं कभी आरएएसएस का सदस्‍य नहीं रहा। किसी भी पार्टी से कभी भी जुड़ा नहीं रहा और न ही कोई नाता रहा। गौर हो कि वैदिक के बारे में पूछे गए एक सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि हां, वह (वैदिक) आरएसएस के आदमी हैं। यह बात सभी जानते हैं। वैदिक ने आज राहुल गांधी के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि मेरा आरएसएस से कोई नाता नहीं रहा है। हां, कांग्रेस नेताओं से करीबी संबंध रहे हैं। नरसिम्‍हा राव मुझे बहुत सम्‍मान देते थे। उन्‍होंने कहा कि हाफिज से मेरी मुलाकात अचानक हुई। हाफिज से मुलाकात को लेकर कोई पूर्व योजना नहीं थी। मेरी यात्रा (पाकिस्‍तान यात्रा) पूरी तरह निजी थी। कांग्रेस इसे मुद्दा उठाकर राजनीतिक लाभ ले रही है। इससे पहले, वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक को ‘आरएसएस का आदमी’ बताते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज सवाल उठाया कि क्या इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग ने मुंबई हमले के मुख्य षडयंत्रकर्ता हाफिज सईद के साथ उनकी मुलाकात में मदद की थी? राहुल गांधी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि सवाल यह है कि क्या भारतीय दूतावास ने जेंटिलमैन (वैदिक) को मदद की या नहीं। हम यह जानने को उत्सुक हैं कि क्या भारतीय दूतावास ने इस मुलाकात में मदद पहुंचाई। वैदिक की हाफिज सईद के साथ मुलाकात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। वैदिक को योगगुरु रामदेव का करीबी समझा जाता है। वैदिक ने कांग्रेस की इस बात को खारिज किया कि हो सकता है उन्होंने सरकार के दूत के रूप में ऐसा किया होगा। वैदिक के बारे में एक सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि हां, वह आरएसएस के आदमी हैं। ये बात सभी जानते हैं। कांग्रेस ने इस मुलाकात के मुद्दे को कल संसद के दोनों सदनों में उठाया था और साथ ही पार्टी ने इस मुलाकात को लेकर कल प्रधानमंत्री कार्यालय को भी निशाना बनाया था और सरकार से इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।