(DELHI, India)
मुलाकात के बाद सतीश उपाध्याय ने मीडिया से कहा कि दिल्ली में सरकार बनाने के मसले पर बात हुई, क्या बात हुई वक्त आने पर बताएंगे। साथ ही उन्होंने कहा, हम चुनाव में जाने को तैयार हैं। दिल्ली में सरकार बनेगी या नहीं अभी स्पष्ट नहीं है। 70 सीटों की दिल्ली विधानसभा में भाजपा के पास अभी कुल 29 विधायक हैं, कांग्रेस के पास 8 विधायक हैं। आम आदमी पार्टी के पास 27 विधायक हैं, जदयू और निर्दलीय मिलाकर 3 विधायक हैं। जबकि 3 सीटें खाली हैं। ऐसे में भाजपा को सरकार बनाने के लिए कुल 34 विधायक चाहिए। अगर भाजपा सरकार बनाती है तो उसे आम आदमी पार्टी या कांग्रेस के विधायकों को तोड़ना होगा। क्योंकि भाजपा के 29 विधायकों में जदयू और निर्दलीय के 3 विधायकों को भी जोड़ दिया जाय तो कुल 29+3=32 विधायक हैं जो सरकार बनाने के लिए न्यूनतम संख्या से दो कम है। उधर, दिल्ली में 'जुगाड़ की सरकार' बनाने की कोशिशों के बीच राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने भाजपा को फटकार लगाते हुए आगाह किया है कि इससे पूरे देश में गलत संदेश जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, संघ प्रमुख मोहन भागवत ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को नसीहत दी है कि ऐसा कोई कदम ना उठाया जाए जिससे लगे कि पार्टी सत्ता की भूखी है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।