उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का राज खत्म हो चुका है: उमा भारती
(DELHI, India) उमा ने कल रात संवाददाताओं से बातचीत में कहा, उत्तर प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था नाम की कोई चीज बची ही नहीं है। प्रदेश सरकार अपराधियों और दुराचारियों का बचाव कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, बलात्कार के मामले में मुलायम सिंह यादव के बेतुके बयान से अपराधियों का मनोबल बढ गया है। बुन्देलखंड अंचल के लिए विशेष आर्थिक पैकेज के बारे में सवाल पूछे जाने पर उमा ने कहा कि इस सिलसिले में वित्तमंत्री से बातचीत हुई है और उन्होंने इसकी पुन: समीक्षा का निर्णय किया है। उन्होंने कहा, बुन्देलखंड के विकास के लिए केंद्र सरकार से मिले विशेष आर्थिक पैकेज में मिले धन का पूरा उपयोग नहीं हुआ और जो हुआ भी उसमें लूटपाट की गयी है। विशेषज्ञों से इस संबंध में विचार विमर्श करके ऐसी योजनाएं बनाने को कहा गया है जिससे इस अंचल में विकास हो। जल संसाधन विकास मंत्री उमा ने कहा कि सरकार क्रेन और बेतवा नदी को जोडने का काम प्राथमिकता पर करेगी और एक बार यह काम पूरा हो गया तो बुन्देलखंड में सिंचाई के पानी की कमी नही रह जायेगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।