कांग्रेस ने नेशनल कांफ्रेंस से तोड़ा गठबंधन,अपने दम पर लड़ेगी विधानसभा चुनाव
(DELHI, India) कांग्रेस की वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी ने रविवार को प्रेस कांंफ्रेंस में कहा कि पार्टी राज्य की सभी 87 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। सोनी ने कहा कि हम उम्मीदवार उतारेंगे और सभी 87 सीटों पर उन उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे जिनका हम समर्थन करना चाहते हैं,चाहे निर्दलीय हो या अन्य। गुलाम नबी आजाद ने कहा कि गठबंधन तोड़ने से राज्य सरकार को कोई खतरा नहीं होगा। सरकार से समर्थन वापस नहीं लिया जाएगा। आजाद ने कहा कि 2002 और 2008 की तरह अन्य पार्टियों पर निर्भर होना अच्छा नहीं रहेगा। हम अपने दम पर चुनाव लड़ चुके हैं। फिर हम अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे। हम विधानसभा चुनाव में कोई रिस्क नहीं लेना चाहते।
गठबंधन तोड़ने के कांग्रेस के फैसले पर नेशनल कांफ्रेंस के नेता महबूब बेग ने कहा कि कांग्रेस को वह कहने का हक है जो वह कहना चाहती है लेकिन स्वीकार किया कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस के लिए कठिन टास्क होगा। जम्मू कश्मीर में नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। 87 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 17 विधायक हैं। जनवरी 2009 में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस की गठबंधन सरकार अस्तित्व में आई थी। सू्त्रों के मुताबिक दोनों दलों के कार्यकर्ता मिलकर चुनाव लड़ने के खिलाफ थे। हालांकि उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि कांग्रेस से गठबंधन तोड़ने का फैसला उनकी पार्टी का है। उमर अब्दुल्ला ने टि्वट किया कि दस दिन पहले उनकी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात हुई थी। उस दौरान कांग्रेस से गठबंधन तोड़ने के फैसले के बारे में जानकारी दे दी गई थी। अब्दुल्ला ने दावा किया कि उन्होंने गठबंधन तोड़ने की वजहें भी बताई थी लेकिन सार्वजनिक रूप से इसकी घोषणा इसलिए नहीं की गई क्योंकि हम अवसरवादी के रूप में नहीं लगना चाहते थे। गौरतलब है कि दोनों पार्टियों ने मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ा था। सभी तीन सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार हार गए थे। इसके बाद से दोनों दलों के गठबंधन में दरार आ गई थी। शनिवार को जम्मू कश्मीर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेशनल कांफ्रेंस के साथ गठबंधन खत्म करने के लिए कहा था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।