(MAHARASHTRA, India)
उन्होंने अपना इस्तीफा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण को सौंप दिया। हालांकि राणे ने कांग्रेस में बने रहने का निर्णय लिया है। राणे आज सुबह 10 बजे मुंबई में मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, राणे महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री न बनाए जाने से नाराज हैं। वे अपनी पार्टी कांग्रेस पर धोखा देने का आरोप पहले ही लगा चुके हैं। राणे ने कहा कि छह महीने में सीएम बनाने का वादा किया गया था। गौर हो कि राणे ने इससे पहले साल 2008 में भी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोला था। उन्होंने बीते दिनों साफ किया कि वह कांग्रेस में ही बने हुए हैं और किसी अन्य दल में नहीं जा रहे। पृथ्वीराज चव्हाण पर निशाना साधते हुए महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री नारायण राणे ने बीते दिनों कहा था कि यदि कांग्रेस को वर्तमान नेतृत्व के तहत विधानसभा चुनाव लड़ने पड़े तो उसका परिणाम लोकसभा चुनाव से अलग नहीं होगा। संवाददाताओं के पूछने पर कि क्या ‘वर्तमान नेतृत्व’ के तहत विधानसभा चुनाव लड़ने पर अलग तरह के चुनाव परिणाम संभव हैं, राणे ने कहा कि यह अलग नहीं होंगे और यही वजह है कि मैं सोमवार को मंत्रिमंडल छोड़ रहा हूं, जैसा कि पहले घोषणा कर चुका हूं। बताया जाता है कि राणे खुद मुख्यमंत्री बनने के इच्छुक हैं। अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए राणे ने पहले कहा था कि उन्होंने अभी तक अपने राजनीतिक भविष्य के संबंध में कोई फैसला नहीं किया है। राणे 2005 में शिवसेना छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के कल के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। ठाकरे ने कहा था कि उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि राणे जिस भी दल में जाएं उन्हें ‘मानसिक शांति’ मिले। राणे का कहना है कि उद्धव यह नहीं जानते हैं कि जो दूसरों के लिए अच्छा करते हैं उन्हें भगवान से पुरस्कार मिलता है। जो दूसरों को परेशान और प्रताड़ित करते हैं, उन्हें सजा मिलती है। अपने समर्थकों से समर्थन मांगते हुए उन्होंने कहा कि मैं खुशी-खुशी इस्तीफा दे रहा हूं क्योंकि मैं लड़ना जानता हूं। राणे ने अपने आलोचकों को भी चेतावनी दी कि वह और मजबूत बनकर उभरेंगे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।