महाराष्ट्र- बीते हफ्ते किए अपने ऐलान के मुताबिक महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री नारायण राणे ने सोमवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि उन्होंने कहा है कि वह पार्टी नहीं छोड़ेंगे। राणे सोमवार सुबह मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण से मिले और उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा। राणे ने इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी पर जमकर अपने दिल की भड़ास निकाली।
हरियाणा-लोकसभा चुनावों में करारी हार के बाद से ही हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ बगावती सुर उठते रहे हैं। कई बार उन्हें हटाए जाने की बातें भी आ चुकी हैं। हाल ही में वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिले थे जिसके बाद कांग्रेस ने हुड्डा के ही नेतृत्व में अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कही थी। लेकिन, कांग्रेस एक और बड़े नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह ने सोमवार को कहा कि वह हुड्डा के नेतृत्व में चुनाव नहीं लड़ेंगे। बीरेंद्र ने कहा, 'हुड्डा के नेतृत्व में नतीजे नहीं आएंगे।'
असम- असम में कांग्रेस सरकार संकट में आ सकती है। पार्टी के 78 में से कम से कम 30 विधायक मौजूदा मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के कामकाज से नाखुश हैं और उनका साथ छोड़ गए हैं। शिक्षा मंत्री हिमंता बिस्वा के नेतृत्व में ये विधायक तरुण गोगोई को पद से हटाए जाने की मांग कर रहे हैं।
जम्मू कश्मीर-राज्य में कांग्रेस के पूर्व सांसद लाल सिंह ने पार्टी छोड़ दी है। सत्तारूढ़ नैशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस का गठबंधन टूटने के कुछ ही घंटों के भीतर लाल सिंह ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में उनका टिकट काटकर गुलाम नबी आजाद को दे दिया गया था जिससे वह खफा थे। उनके पीडीपी में शामिल होने की बातें कही जा रही हैं लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।