बिहार विधानसभा की दस सीटों पर आगामी 21 अगस्त को होने वाले उपचुनाव के बारे में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को दावा किया कि जदयू, राजद और कांग्रेस साथ मिलकर भाजपा को परास्त करेंगे। उपचुनाव में राजद और कांग्रेस के साथ तालमेल के बारे में नीतीश ने कहा कि हमारी पार्टी ने रविवार को संपन्न राज्य कार्यकारिणी की बैठक के दौरान जो प्रस्ताव पारित किया गया है उससे यह स्पष्ट है कि हम व्यापक तालमेल के पक्षधर हैं जिसमें राजद के साथ कांग्रेस भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हम लोगों का जो दृष्टिकोण है उसके मुताबिक वैसे सभी लोग जो भाजपा की राजनीति को सही नहीं मानते हैं वैसे तमाम लोगों को एकजुट होना होगा। नीतीश ने कहा कि इस प्रकार की एकजुटता में स्वभाविक तौर पर कांग्रेस भी शामिल है और बिहार विधानसभा की दस सीटों के लिए जो उपचुनाव होने वाले हैं उसके लिए नीति निर्धारण करना है। इसके लिए जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह को अधिकृत किया है, वही इस बारे में अधिकारिक तौर पर बताएंगे। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से कोई बात होने के बारे में पूछे जाने पर नीतीश ने कहा कि अभी उनसे इस बारे में बातचीत नहीं हुई है। लेकिन जदयू के प्रदेश अध्यक्ष को अधिकृत किया गया है। वह सारी संभावनाओं के मद्देनजर जो उपयुक्त कदम होगा उठाएंगे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।