भ्रष्ट जज मामले में जवाब दें मनमोहन सिंह और कांग्रेस: बीजेपी
(DELHI, India) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में संसद के केंद्रीय कक्ष में हुई भाजपा संसदीय दल की बैठक के बाद पार्टी के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगलवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस को इन आरोपों का जवाब देना चाहिए कि कैसे न्यायपालिका सहित विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक कारणों से दुरुपयोग किया गया। यह दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर चिंता का विषय है। भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष और उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश मार्कन्डेय काट्जू ने ये आरोप लगाकर एक तूफान खड़ा कर दिया है कि भारत के तीन पूर्व प्रधान न्यायाधीशों ने संप्रग शासन के दौरान भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे एक जज को तमिलनाडु में पद पर बने रहने की अनुमति देने में ‘अनुचित समझौते’ किए। बैठक में हाल ही में ब्राजील में संपन्न ब्रिक्स शिखर बैठक में भारत की चिंताओं को प्रभावी तरीके से उठाने के लिए मोदी की प्रशंसा की गई। ब्रिक्स बैंक की कमान भारत को मिलने के लिए भी पार्टी नेताओं ने मोदी को बधाई दी। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कल राज्यसभा में गाजा स्थिति पर दिए गए बयान के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की भी सराहना की। पार्टी ने अपने सांसदों के निजी सहायकों के प्रशिक्षण के लिए मुंबई में रामभाउ प्रबोधिनी में एक सप्ताह का शिविर लगाने का भी फैसला किया। नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विपक्ष की ‘विध्वंसक’ भूमिका और कांग्रेस की ‘नकारात्मक’ दृष्टि के बावजूद संसद के दोनों सदनों में प्रभावी तरीके से मुद्दे उठाने के लिए भाजपा सांसदों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने सभी सांसदों से यह भी कहा कि वे संसद के चालू सत्र में लोकसभा और राज्यसभा में विधेयकों पर होने वाली चर्चाओं में भाग लें।
प्रधानमंत्री ने संसद के भीतर और बाहर महंगाई के मुद्दे को संभालने के लिए पार्टी सांसदों की ‘प्रभावी’ भूमिका के बारे में भी चर्चा की।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।