(DELHI, India)
महाराष्ट्र सदन में शिवसेना सांसदों की ओर से रमजान के दौरान एक मुस्लिम कर्मचारी का जबरन रोजा खुलवाने की घटना पर चर्चा की मांग को लेकर बुधवार को संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में खूब हंगामा हुआ, जिसके कारण कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन में शिवसेना के कुछ सांसदों ने कथित रूप से वहां के एक रोजादार मुस्लिम कर्मचारी को जबरन चपाती खिलाई। जिसके चलते सदन में आज भारी हंगामा हुआ। इस मामले में बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने कहा कि ये ठीक नहीं हुआ है। सांसदों को माफी मांगनी चाहिए। उधर, कांग्रेस ने इस मामले के विरोध में सदन से वाकआउट किया। वहीं, बीजेपी सांसद रमेश विधूड़ी की पप्पू यादव और ओवैसी से बहस हो गई। आज शून्यकाल शुरू होने पर अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कांग्रेस के एमआई शाहनवाज को यह विषय उठाने की अनुमति दी। शाहनवाज ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र सदन में वहां के एक कर्मचारी को शिवसेना के कुछ सांसदों ने केवल इसलिए चपाती खाने पर मजबूर किया कि क्योंकि वह उन्हें महाराष्ट्रीयन खाना उपलब्ध नहीं करा पाया था। कांग्रेस सांसद ने कहा कि यह विषय इसलिए गंभीर है क्योंकि यह रमजान का पवित्र महीना है और संबंधित कर्मचारी जिसे जबरन चपाती खिलाई गई, उसका रोजा था। उन्होंने कहा कि इस कर्मचारी की नेमप्लेट से भी यह साफ था कि वह मुस्लिम है। इसके बावजूद रमजान के महीने में उसके साथ यह व्यवहार किया गया। इस बीच संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू ने शाहनवाज द्वारा इस कर्मचारी का नाम लेने और इस विषय को उठाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सदन के बाहर के व्यक्ति का नाम नहीं लिया जा सकता है और साथ ही यह एक संवेदनशील मामला है और सचाई क्या है, यह मालूम नहीं, इसलिए मामला रिकार्ड में नहीं जाना चाहिए। बहरहाल, अध्यक्ष ने शिवसेना के अनंत गीते को उनकी बात रखने का अवसर दिया। गीते ने कहा कि रमजान एक पवित्र महीना माना जाता है और सभी उसका सम्मान करते हैं और इसलिए इस पवित्र महीने में किसी को असत्य बात नहीं कहनी चाहिए। उन्होंने ऐसी कोई घटना होने से इंकार किया। इससे पहले, उन्होंने असत्य शब्द की जगह एक अन्य शब्द का प्रयोग किया था जिस पर विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई और अध्यक्ष ने उस शब्द को कार्यवाही से निकालने की व्यवस्था दी। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गर्मागर्मी बढ़ती गई और एक समय भाजपा के रमेश विधूड़ी यह कहते हुए विपक्ष की ओर तेजी से बढ़े कि यह हिंदुस्तान है। दूसरी ओर, राजद के पप्पू यादव और आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुसलमीन के असादुद्दीन औवेसी सहित विपक्ष के कई सदस्य विधूड़ी की ओर लपकते देखे गए। ये सदस्य एक दूसरे को सदन से बाहर निकल कर देख लेने की धमकी देते भी देखे गए। इसी बीच, सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ओर के वरिष्ठ सदस्यों ने बीच बचाव करके मामले को संभाला। अध्यक्ष ने व्यवस्था बिगड़ते देख सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।