नटवर सिंह की किताब से डरी कांग्रेस!
(India)
लोकसभा चुनावों के बाद से कांग्रेस की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसे में एक और किताब उनके लिए मुसीबत पैदा कर सकती है और अगर किताब लिखने वाले पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह हैं तो चिंता बढ़ना स्वाभाविक हो जाता है। यही कारण है कि 2005 के बाद से कभी सही से बात न करने वाले नटवर सिंह और सोनिया गांधी के बीच उनके निवास स्थान पर 50 मिनट तक बातचीत चली। इस मुलाकात का कारण पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार संजय बारू और पूर्व कोयला सचिव पीसी पारेख की किताब को भी माना जा सकता है जिसके कारण कांग्रेस को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। इन परिस्थितियों में कांग्रेस बिल्कुल नहीं चाहेगी कि ऐसी किसी मुसीबत का सामना उन्हें दोबारा करना पड़े। एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक, सोनिया गांधी और उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कुछ दिन पहले पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह से उनके घर में करीब 50 मिनट तक बातचीत की। इस मुलाकात में क्या बात हुई इस बात का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। आपको बता दें कि नटवर सिंह द्वारा लिखी किताब वन लाइफ इज नॉट इनफ 7 अगस्त को रिलीज हो रही है। इसका विमोचन दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में पूर्व अटॉर्नी जनरल सोली सोराबजी करेंगे। माना जा रहा है कि इस किताब के संदर्भ में ही सोनिया और प्रियंका गांधी वाड्रा की नटवर सिंह से मुलाकात हुई है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।