रोजेदार को रोटी खिलाने का मुद्दा: सरकार कल तक देगी जवाब
(DELHI, India) सुबह राज्यसभा की बैठक शुरू होते ही कांग्रेस, सपा और वाम सदस्यों ने यह मुद्दा उठाया। सदस्यों ने कहा कि इस मुद्दा को उठाए 24 घंटे हो चुके हैं लेकिन सरकार ने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। संसदीय कार्यमंत्री एम वेंकैया नायडू ने कहा कि संसद सदस्यों से संबंधित घटना एक राज्य सरकार द्वारा संचालित भवन के परिसर से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि यह काफी संवेदनशील और गंभीर मुद्दा है। उन्होंने कहा, ‘आसन ने कल संसदीय कार्य राज्य मंत्री को तथ्यों का पता लगाने को कहा था। हम तथ्य जुटा रहे हैं और पूरी जानकारी जुटाने के बाद ही जवाब देंगे।’ विपक्षी सदस्यों ने इसका विरोध किया और माकपा के सीताराम येचुरी ने कहा कि सरकार को यह आश्वासन दिए 24 घंटे बीत चुके हैं कि वह इस मामले में सदन में बयान देगी। कांग्रेस के आनंद शर्मा ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यह हिन्दुस्तान की शक्ल की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भी यहां मौजूद हैं और सरकार को बयान देना चाहिए। कांग्रेस के सत्यव्रत चतुर्वेदी ने भी यह मुद्दा उठाया। नायडू ने कहा कि मुद्दे पर पूरा तथ्य जुटाकर सरकार की ओर से कल तक जवाब दिया जाएगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।