यूपीएससी परीक्षा विवाद: छात्रों का प्रदर्शन, पीएम मोदी से मिले जितेन्‍द्र सिंह
(DELHI, India) सिविल सेवा परीक्षा के पैटर्न में बदलाव को लेकर अनिश्चितता के बीच संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से 24 अगस्त को होने वाली प्रारंभिक परीक्षा के लिए अभ्‍यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी करने के विरोध में सिविल सेवा परीक्षार्थियों ने सीसैट के विरोध में गुरुवार रात जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारी छात्रों की पुलिस के साथ झड़प हुई। जानकारी के अनुसार, छात्रों का प्रदर्शन जारी है और वे विरोधस्‍वरूप संसद भवन की तरफ मार्च करने निकल पड़े। इस बीच, छात्रों के मार्च को पुलिस ने रोक लिया है। दूसरी ओर, यूपीएससी परीक्षा विवाद को लेकर आज संसद के दोनों सदनों में हंगामा हुआ है। छात्र यूपीएससी की ओर से परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड भेजे जाने को लेकर नाराज हैं। उधर, कार्मिक, जन शिकायत और पेंशन राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने यूपीएससी विवाद पर शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्‍हें विवाद पर ताजा जानकारी दी। राज्‍यमंत्री ने कहा कि पीएम भी इस मामले को लेकर गंभीर हैं। भाषा के आधार पर छात्रों के साथ अन्‍याय नहीं होगा। उन्‍होंने कहा कि इस विवाद को जल्‍द सुलझा लिया जाएगा। छात्रों को भी संयम रखना होगा। यूपीएससी नियमों के तहत काम कर रहा है। गौर हो कि राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने बीते सोमवार को छात्रों को परीक्षा टालने का भरोसा दिया था। सिंह ने यूपीएससी से विद्यार्थियों की मांग के मद्देनजर परीक्षा की तिथि टालने पर विचार करने को कहा था। अभ्‍यर्थियों को जारी किये जा रहे प्रवेशपत्रों के अनुसार सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा की तारीख में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह 24 अगस्त को ही होगी। बीती रात उत्तर दिल्ली के बुराड़ी इलाके में आज रात सिविल सेवा परीक्षार्थियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई जिसमें कुछ वाहनों को आग लगा दी गई तथा कम से कम 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए। संयुक्त पुलिस आयुक्त संदीप गोयल के अनुसार, घटना रात करीब साढ़े आठ बजे उस समय हुई जब करीब 500 से 700 प्रदर्शनकारियों ने सिविल सेवा एप्टीट्यूड परीक्षा (सीसैट) समाप्त करने की मांग को लेकर मुख्य राजमार्ग बाईपास रोड बंद करने का प्रयास किया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।