जासूसी विवाद पर गडकरी का ट्वीट- 'मेरे घर से जासूसी का कोई सामान नहीं मिला'
(DELHI, India) कथित जासूसी उपकरण लगाये जाने के मामले में विवाद उत्पन्न होने के बीच केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आज जोर दिया कि उनके आवास पर कहीं भी कोई जासूसी उपकरण नहीं पाया गया। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री उन खबरों पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे जिसमें दावा किया गया था कि 13 तीन मूर्ति लेन स्थित उनके आवास के बेडरूम में बातों को सुनने में सक्षम शक्तिशाली उपकरण पाया गया था। गडकरी ने कल भी इन खबरों को खारिज करते हुए इन्हें अटकल करार दिया था हालांकि विपक्ष की ओर से इस बारे में सरकार से स्पष्टीकरण मांगने के कारण विवाद जारी है। इस बीच गृह मंत्रालय ने सोमवार को गडकरी के दिल्‍ली स्थित घर में जासूसी उपकरण पाए जाने की खबरों के बाद मामले की जांच करवाए जाने की मांग को खारिज कर दिया। केंद्रीय गृह राज्‍य मंत्री किरण रिजिजु ने एक न्‍यूज चैनल से कथित तौर पर कहा कि गडकरी ने खुद इस तरह की खबर को काल्‍पनिक करार दिया है। यदि ऐसा है तो हम कैसे इसमें हस्‍तक्षेप कर सकते हैं। गौर हो कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के निवास पर खुफिया उपकरण मिलने की रिपोर्ट की जांच होनी चाहिए तथा उन्होंने सरकार से संसद में इस मुद्दे पर स्पष्टीकरण देने मांग की। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की कथित जासूसी के बहाने मोदी सरकार और बीजेपी पर विपक्ष के हमले तेज हो गए हैं। हालांकि गडकरी ने अपने घर में जासूसी उपकरण मिलने से जुड़ी खबर का खंडन कर चुके हैं, लेकिन कांग्रेस ने मामले की जांच और संसद में सफाई की मांग कर दी है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा है कि सरकार को इस मसले पर संसद में सफाई देनी चाहिए। वहीं संदीप दीक्षित ने इसे सरकार की मंत्रियों के बीच भरोसी की कमी बताया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।