यूपीएससी के विरोध में छात्रों के आंदोलन को लालू के बेटे का समर्थन
(DELHI, India) प्रधानमंत्री को लिखे एक पत्र में तेजस्वी यादव ने उनसे सीएसएटी के पैटर्न की समीक्षा करने का आग्रह किया है ताकि ग्रामीण इलाकों से संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा के उम्मीदवारों को किसी तरह की असुविधा न होने पाए। तेजस्वी लालू के छोटे पुत्र और राजद की युवा शाखा के नेता हैं। 27 जुलाई की तारीख वाला यह पत्र आज लालू के ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किया गया। तेजस्वी ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि जब तक प्रदर्शनकारी छात्रों की समस्या हल नहीं हो जाती तब तक सिविल सर्विसेज की प्रस्तावित परीक्षाओं को तत्काल रोक दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यूपीएससी सिविल सर्विसेज परीक्षा में बैठने वाले लाखों छात्र बिहार के होते हैं जिनकी परीक्षा का माध्यम हिन्दी होता है। राजद नेता ने पत्र में कहा है कि सीएसएटी परीक्षा का वर्तमान पैटर्न अंग्रेजी के अलावा अन्य भाषाओं के छात्रों के साथ भेदभाव करता है। उन्होंने मांग की कि संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा के उम्मीदवारों के साथ पुलिस को ‘अपराधियों’ जैसा व्यवहार करना तुरंत बंद करना चाहिए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।