महंगाई पर भाजपा नेता प्रभात झा का बेतुका बयान
(India)
सरकार बदल गई, सत्ता के चेहरे बदल गए लेकिन महंगाई से कराह रही जनता को राहत के सवाल पर सत्ताधीशों के बेतुके-बचकाने बयान रत्ती भर भी नहीं बदले। पिछली सरकार में जहां ज्यादा खाना खाने वालों के चलते महंगाई बढ़ने के बयान सुनने को मिले थे तो इस सरकार में टमाटर जैसी रोजमर्रा की चीजों को अमीरों का खाना बताकर उसके बढ़ते दाम के सवाल टाले जा रहे हैं। इस बार ये बयानबाजी भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद प्रभात झा की ओर से हुई है। प्रभात झा से जब टमाटर के बेकाबू होते दामों के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने पहले तो उन चीजों के नाम गिनाने शुरू किए जिनके दाम बेकाबू नहीं हैं। झा ने कहा कि चावल के दाम पहले से कम हुए हैं। गेहूं-आटे के दाम पहले से कम हुए हैं। उसके बाद झा उन चीजों के बारे में बताने लगे जिनके दाम बढ़े तो लेकिन ज्यादा नहीं मसलन उन्होंने कहा कि आलू और प्याज के दाम टिके हुए हैं और 40 से कम हुए हैं। सिलेंडर के दाम बढ़े नहीं हैं और ये हमारी सरकार की सफलता है। लेकिन जब प्रभात झा से टमाटर के मूल सवाल पर लौटेने को कहा गया तो उनका कहना था कि जिनके गाल लाल होते हैं, जो पैसे वाले होते हैं, टमाटर तो वो खाते हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।