‘दिल्ली में कांग्रेस के विधायकों से ज्यादा हैं लालू के बच्चे’
(India)
लोकसभा में दिल्ली के बजट पर चर्चा के दौरान आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विवादित बयान दिया है। मान ने लोकसभा में कहा कि दिल्ली में विकास की बात करने वाली कांग्रेस के विधायकों की संख्या से ज्यादा तो लालू प्रसाद यादव के बच्चे हैं। मान के इस बयान पर सदन में काफी हंगामा हुआ। इसके साथ ही उन्होंने लोकसभा में कांग्रेस की दयनीय स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इस सदन में आपकी पार्टी की संख्या दिल्ली के तापमान से भी कम है। मान ने ये बयान कांग्रेसी सांसद दिपेंद्र सिंह हुड्डा की आप पर की गई टिप्पणी के जवाब में दिया। हूड्डा ने भाजपा और इसकी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि अगर आपने अपने वादे पूरे नहीं किए तो आपका हाल भी आम आदमी पार्टी की तरह ही होगा। इसके अलावा मान ने भाजपा सांसद रमेश विधूड़ी को भी निशाना बनाया। मान ने कहा कि विधूड़ी रोजाना जब तक सदन में 3-4 बार माफी नहीं मांगते, उनका खाना हजम नहीं होता। विधूड़ी उन्हें बार-बार रोक रहे थे और अपनी टिप्पणी भी करते जा रहे थे। जिसके बाद मान ने ये टिप्पणी की थी। हालांकि कांग्रेस पर निशाना साधने के लिए लालू प्रसाद यादव के परिवार को शामिल करने पर कांग्रेस और लालू प्रसाद यादव की तरफ से उनकी टिप्पणी पर किसी तरह की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।