कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मई 2004 में राहुल गांधी के कहने पर प्रधानमंत्री नहीं बनी थीं। ये खुलासा किया है पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने अपनी आने वाली किताब में। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने के पूरी तरह खिलाफ थे। उन्हें डर था कि अगर उनकी मां प्रधानमंत्री बनती हैं तो उनकी हत्या हो सकती है। कांग्रेस के पूर्व नेता नटवर सिंह ने इस बारे मंय अपनी किताब वन लाइफ इज नॉट एनफ में लिखा है। उन्होंने ये भी कहा कि मेरी किताब का एक हिस्सा इस बारे में है और सोनिया गांधी नहीं चाहती थीं कि ये हिस्सा प्रकाशित हो। तेल के बदले अनाज मामले में 2005 में मंत्री पद गंवाने वाले नटवर सिंह बाद में कांग्रेस पार्टी से निकाल दिए गए थे। उनके बेटे जगत इस समय राजस्थान में भाजपा के विधायक हैं। वन लाइफ इज नॉट एनफ का 7 अगस्त को पूर्व अटॉर्नी जनरल सोली सोराबजी लोकार्पण करेंगे। नटवर सिंह ने कहा कि इस किताब में और भी कई खुलासे किए हैं। नटवर के मुताबिक मनमोहन सिंह नहीं, बल्कि नरसिंह राव की वजह से देश में आर्थिक सुधार का युग शुरू हुआ था। इसके अलावा वे अमेरिका से परमाणु करार का श्रेय भी मनमोहन सिंह को नहीं देते हैं। नटवर सिंह ने किताब में आपातकाल के लिए इंदिरा गांधी की आलोचना की है। साथ ही वे राजीव गांधी को राजनीतिक कुप्रबंधन का दोषी मानते हैं। पूर्व विदेश मंत्री ने अपनी किताब में चीन और कश्मीर नीति को लेकर नेहरू की भी आलोचना की है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।