काठमांडू में पीएम मोदी की ठहरने की व्यवस्था होटल हयात में की गई है। पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान नेपाल के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर वार्ता होनी है। पीएम मोदी सोमवार को काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर जाएंगे और वहां पूजा-अर्चना करेंगे। नेपाल भी पीएम मोदी की इस यात्रा को काफी अहमियत दे रहा है। इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नेपाल के पीएम पहली बार प्रोटोकॉल तोड़त हुए किसी देश के पीएम की अगवानी करने हवाईअ्डडे पहुंचे। साथ ही यह पहला मौका होगा जब किसी देश का राष्ट्राध्यक्ष नेपाली संसद को संबोधित करेगा। पीएम मोदी की इस अहम यात्रा को देखते हुए काठमांडू में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी की गई है। पूरा काठमांडू छावनी में तब्दील में हो गया। नेपाल में 17 सालों के बाद भारतीय पीएम की यात्रा हो रही है। इससे पहले 1997 में तत्कालीन पीएम इंद्रकुमार गुजराल ने नेपाल की यात्रा की थी। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी वर्ष 2002 में नेपाल गए थे लेकिन यह उनकी द्विपक्षीय यात्रा नहीं थे। वह सार्क सम्मेलन में भाग लेने के लिए काठमांडू पहुंचे थे। भारतीय पीएम की इस महत्वपूर्ण यात्रा को देखते हुए नेपाल की सरकार ने अपने यहां दो दिनों का अवकाश घोषित किया है। अपनी नेपाल यात्रा की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री ने नेपाल के विकास कार्यों को भारत द्वारा सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि वह अपनी इस यात्रा को लेकर ‘उत्सुक’ हैं तथा उम्मीद है कि इससे संबंधों में ‘नया अध्याय’ शुरू होगा। यह यात्रा क्षेत्रीय भागीदारी को बढ़ाने के लिए एक आदर्श एवं उत्प्रेरक के रूप में काम करेगी। उन्होंने कहा कि वह ‘नए संबंध’ बनाने के लिए नेपाली नेतृत्व के साथ काम करने को लेकर उत्सुक हैं। वह व्यापार एवं निवेश, पन बिजली, कृषि एवं कृषि प्रसंस्करण, पर्यावरण, पर्यटन, शिक्षा, संस्कृति एवं खेल सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए कदमों की पहचान कर नये संबंध बनाना चाहते हैं। मोदी नेपाल में अपने समकक्ष सुशील कोइराला से वार्ता करेंगे और उद्योग एवं व्यापार जगत के नेताओं को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि वह इस बात पर विचार विमर्श करेंगे कि नये डिजिटल युग की पूरी संभावनाओं का लाभ कैसे उठाये जाए ताकि दोनों देशों के युवाओं को सशक्त किया जा सके और नये अवसर सृजित किये जा सकें।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।