(DELHI, India)
हालांकि सरकार ने कहा कि वह सदन की उम्मीद से पहले ही इस मुद्दे का हल निकाल लेगी। प्रश्नकाल के बाद जदयू के शरद यादव ने कहा कि इस मुद्दे पर कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्री जितेन्द्र सिंह ने सदन को आश्वासन दिया था कि इस मुद्दे का आठ दिनों में हल हो जाएगा लेकिन 12 दिन होने के बाद भी सरकार ने आश्वासन पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि एक ओर तो सरकार इस मुद्दे पर कोई फैसला नहीं कर रही है वहीं आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। संसदीय कार्य राज्य मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि सरकार इस विषय की संवेदना और सदन की भावना को समझ रही है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा 3 साल पुराना है और संबद्ध मंत्रालय इसके सारे पहलुओं पर गौर कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे का समाधान सक्रियता से निकालने का प्रयास कर रही है। जैसे ही कोई समाधान निकलेगा, सदन को सूचित किया जाएगा। उप सभापति पीजे कुरियन ने जावड़ेकर से सवाल किया कि क्या वह इस बारे में कोई निश्चित समय सीमा बता सकते हैं। इस पर जावड़ेकर ने कहा कि सरकार सदन की उम्मीद से पहले से ही इस मुद्दे का हल निकाल लेगी। विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि यह मुद्दा पिछले कई हफ्तों से चल रहा है। सरकार हर मुद्दे को पिछली सरकार पर टाल देती है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो सरकार पांच साल तक कुछ नहीं करेगी और सारी चीजों के लिए पिछली संप्रग सरकार को जिम्मेदार ठहराती रहेगी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।