अरुण जेटली का राहुल पर पलटवार, 'राजमहल में तख्तापलट' की कोशिशों से जूझ रही है कांग्रेस'
(DELHI, India) अरुण जेटली ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि यह आरोप आक्रामकता दिखाने की कोशिश है। वित्तमंत्री अरुण जेटली ने कहा कि दरअसल कांग्रेस 'राजमहल में तख्तापलट' की कोशिशों से जूझ रही है, और 'उनके घर में काफी समस्याएं' हैं। वित्त मंत्री अरुण जेटली राहुल गांधी के उस बयान पर भड़के हुए हैं जिसमें उन्होंने लोकसभा स्पीकर पर पक्षपात का आरोप लगाया था। दरअसल बुधवार को विपक्ष ने सांप्रदायिक हिंसा बिल लाने की मांग पर लोकसभा में भारी हंगामा किया। खास बात यह है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस हंगामे में अपने साथियों के साथ हंगामा किया। अरुण जेटली ने अपने बयान में कहा कि आज कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व ने आरोप लगाया कि उन्हें बोलने का अवसर नहीं मिलता है। ये विचित्र बात है कि जहां सबको बोलने का अवसर मिल रहा वहां यह आरोप लगाया गया। ये अलग बात है कि कुछ नेता (राहुल गांधी) बोलते नहीं और वे नहीं बोलने देने के आरोप लगाते रहे हैं। कांग्रेस पार्टी पर दबाव है और उनके ही घर के अंदर विरोध की स्थिति है। कांग्रेस नेता अपने नेतृत्व को लेकर सशंकित है। उसको काउंटर करने के लिए यह सब किया जा रहा है। चेयर पर उंगली उठाना ठीक नहीं। गौर हो कि देश में सांप्रदायिक तनाव पर सदन में चर्चा की मांग को लेकर लोकसभा में अध्यक्ष के आसन के समीप आकर नारेबाजी करने वाले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार संसद में चर्चा नहीं कराने दे रही है और केवल एक व्यक्ति की बात सुनी जा रही है। राहुल ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा कि हमें संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा है। हम चर्चा कराने की मांग कर रहे हैं। सरकार की मानसिकता बन गई है कि चर्चा स्वीकार्य नहीं है। सभी लोग ऐसा महसूस कर रहे हैं, पार्टी ऐसा महसूस कर रही है, हम ऐसा महसूस कर रहे हैं, सभी लोग ऐसा मानते हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।