नरेंद्र मोदी ने लेह-लद्दाख के विकास के लिए दिया '3 पी' का मंत्र, जेएंडके का 60 करोड़ रुपये का कर्ज माफ
(JAMMUandKASHMIR, India) 45 मेगावाट की निमू बाजगो पनबिजली परियोजना राष्ट्र को समर्पित की। विशेष बात यह रही कि इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने लद्दाख की पारंपरिक पोशाक भी पहनी। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जम्मू एवं कश्मीर में लेह तथा लद्दाख के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। लेह के पोलो ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि उन्‍हें जम्‍मू कश्‍मीर में बीजेपी कार्यकर्ता के तौर पर कार्य करने का सौभाग्‍य मिला है। मैं यहां के जीवन और कठिनाइयों से परिचित हू। बड़ी बात यह है कि मैं यहां (जम्‍मू-कश्‍मीर) की शक्ति से भी परिचित हूं। मुझे जम्‍मू कश्‍मीर में भी काम करने का मौका मिला। लेह-लद्दाख से मुझे बहुत प्‍यार मिला है। मैं इस क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करूंगा। जम्‍मू कश्‍मीर को ऊर्जावान प्रदेश बनाएंगे। कभी प्रधानमंत्री इस धरती पर कई कई सालों तक नहीं आते थे। लेकिन मैं इस धरती पर एक माह के अंदर दूसरी बार आया। उन्‍होंने यह भी कहा कि जम्‍मू कश्‍मीर की धरती से मुझे बहुत लगाव है। आज मेरी वेशभूषा भी आपने अपनी बना ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लेह-लद्दाख के विकास के लिए '3 पी' फॉर्मूले पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि लेह लद्दाख में प्रकाश, पर्यावरण और पर्यटन की ताकत है और इसके जरिये विकास होगा। ये इलाका अब प्रकाशित होने वाला है। अब आप उधारी पर नहीं जिएंगे। लेह में सोलर पावर की अपार संभावना है। आम आदमी के जीवन में बदलाव की यहां काफी संभावना है। मोदी ने कहा कि सरकार यहां टूरिज्‍म के विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। हिमालयन राज्‍यों के विकास में अब अहम योगदान दिया जाएगा। सभी हिमालयी राज्यों के विकास के लिए सरकार बड़े स्तर पर जैविक खेती समेत विशेष परियोजनाओं की योजना बना रही है। यहां केसर की खेती के लिए किसानों को मदद दी जाएगी। जम्‍मू कश्‍मीर में केसर क्रांति लानी है। प्राकृतिक संपदा के अध्‍ययन के लिए संस्‍थान बनाया जाएगा। पश्‍मीना उद्योग के आधुनिकीकरण की योजना बनाई जाएगी। पश्‍मीना कारीगरों के जीवन में बदलाव लाए जाएंगे। उन्‍होंने कहा कि जम्‍मू कश्‍मीर का 60 करोड़ रुपये का कर्ज माफ करेंगे। जम्‍मू कश्‍मीर के लिए 8000 करोड़ रुपये ज्‍यादा खर्च करेंगे। केंद्र सरकार राज्‍य सरकार के साथ मिलेगी। यहां हर व्‍यक्ति के जीवन में रोशनी चाहते हैं। लद्दाख सौर ऊर्जा का बड़ा केंद्र बनेगा। पीएम ने कहा कि हमारा देश भ्रष्‍टाचार से परेशान है। हम भ्रष्‍टाचार के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ेंगे। देश के पास दर्शन और सामर्थ्‍य की कोई कमी नहीं है। देश में रुपये की कोई कमी नहीं है। सरकार पूरी ताकत के साथ भ्रष्टाचार से लड़ेगी और इसमें लोगों के साथ लेकर चलेगी। इससे पहले, जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग तथा कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रधानमंत्री की अगवानी की। पदभार संभालने के बाद मोदी का यह पहला लेह और करगिल दौरा है, जबकि वह वह दूसरी बार जम्मू-कश्मीर राज्य पहुंचे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।