नोएडा में जमीनों का मुआवजा बढ़ा
(India)
नोएडा, ग्रेटर नोएडा के किसानों की बल्ले-बल्ले हो गई है। दोनों प्राधिकरणों ने किसानों की जमीन के मुआवजे में वृद्धि कर दी है। फरीदाबाद व गुडगांव को छोड़ दे तो एनसीआर के अन्य शहरों के मुकाबले नोएडा में किसानों की जमीन का मुआवजा सबसे अधिक हो गया है। हालांकि, बढ़ा हुआ मुआवजा सिर्फ उन किसानों को मिलेगा, जो प्राधिकरण को सीधे जमीन बेचेंगे। नोएडा के किसानों को 3960 रुपये प्रति वर्ग मीटर व अर्जित भूमि के बदले पांच फीसद विकसित भूखंड न लेने पर 5039 रुपये प्रति वर्ग मीटर का मुआवजा मिलेगा। इसी तरह ग्रेटर नोएडा में सीधे जमीन देने पर 25 सौ रुपये व छह फीसद भूखंड न लेने पर 35 सौ रुपये प्रति वर्ग मीटर का मुआवजा मिलेगा। किसान यदि सीधे भूमि न देकर अधिग्रहण प्रक्रिया से अपनी जमीन देंगे तो उन्हें पूर्व में निर्धारित दर नोएडा में 2460 व ग्रेटर नोएडा में 1580 रुपये प्रति वर्ग मीटर पर ही मुआवजा मिलेगा। नोएडा, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन व सीईओ रमा रमण ने मंगलवार को हुई बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों को लाभ देने के लिए कई अहम फैसले किए गए हैं। नए भूमि अधिग्रहण कानून के चलते पिछले लंबे समय से अधिग्रहण प्रक्रिया ठप है। इस दौरान कालोनाइजरों ने गांवों के आसपास खाली पड़ी जमीन पर अवैध प्लाटिंग करनी शुरू कर दी। इससे प्राधिकरण का नियोजन गड़बड़ाने लगा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।