मुलायम की सपा और माया की बसपा का होगा गठजोड़, मुलायम ने दिए संकेत
(UTTARPRADESH, India) मुलायम ने बुधवार को कहा कि यदि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव सपा और बसपा के बीच मध्यस्‍थता करें तो मायावती से हाथ मिलाने में उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी। गौरतरलब है कि लालू प्रसाद यादव ने बीते शनिवार को बिहार में राजद और जेडीयू की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में मायावती और मुलायम को भी हाथ मिलाकर भाजपा के खिलाफ लड़ने की अपील की थी। हालांकि उस समय दोनों दलों ने लालू की इस अपील को खारिज कर दिया था। दोनों दलों के नेताओं ने कहा था कि वे प्रदेश ही नहीं राष्ट्रीय स्तर पर भी आपसी गठबंधन नहीं करेंगे। सपा ने कहा था‌ कि बिहार में भले ही लालू और नीतीश को भले ही भाजपा के सामने खुद को बचाने के लिए हाथ मिलाना पड़ा हो, लेकिन उत्तर प्रदेश में सपा अपने दम पर भाजपा को टक्कर देने की कोशिश कर रही है। जबकि बसपा ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में ही नहीं बल्कि देशभर में सपा सरकार की इतनी बदनामी हो चुकी है। उसके साथ हाथ मिलाने से फायदा कम घाटा ज्यादा होगा। मुलायम के बयान पर भाजपा ने अपनी त्वरित प्रतिक्रिया में कहा- 'चोर चोर मौसेरे भाई'। उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि सपा और बसपा के संभावित गठजोड़ से मुकाबला करने के लिए भाजपा पूरी तरह से तैयार है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।