हरियाणा में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है और इसी कड़ी में आज महेंद्रगढ़ में भाजपा की ओर से विजय संकल्प रैली का आयोजन किया जा रहा है। सब्जी मंडी मैदान में होने वाली रैली को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी है और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा खुद रैली को सफल रैली बनाने की कवायद में जुटे है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि संकल्प रैली ऐतिहासिक होगी। जिसमें उमड़ने वाला जनसैलाब ही हरियाणा की राजनीति में परिवर्तन का संकेत देगा। रैली को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी संबोधित करेंगे। बताया जा रहा है कि रैली के दौरान कई अन्य दलों के पूर्व और वर्तमान विधायक भाजपा का दामन थाम सकते हैं। उधर, शहर रैली के मद्देनजर होर्डिंग्स, झंडियों और पोस्टर से पटा हुआ है। रैली में नेताओं के बैठने के लिए तीन कैटेगरी बनाई गई है। वीवीआईपी, वीआईपी और एक अन्य मंच बनाया गया है। वीवीआईपी मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ केंद्रीय मंत्री वीके सिंह, राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर, रामबिलास शर्मा, मनोहर लाल खट्टर, कैप्टन अभिमन्यु, मनीष ग्रोवर, समेत पार्टी के राष्ट्रीय नेता रहेंगे। वीआईपी मंच पर करीब 200 पदाधिकारी शामिल होंगे। इनमें भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्ष समेत सभी जिलाध्यक्ष बैठेंगे। सब्जी मंडी ग्राउंड मंे 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। वही लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए 200 कार्यकर्ताओं को भी विशेष ड्यूटी पर लगाया गया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।