यूपी में साम्प्रदायिक हिंसा को हवा दे रहे सपा-भाजपा : मायावती
(DELHI, India) उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश में समाजवादी पार्टी के शासन में स्थिति पहले ही ‘खराब’ थी और केन्द्र में भाजपा नीत राजग के शासन में आने से हालात और भी बदतर हो गए। मायावती ने संवादाताओं से कहा, ‘हम देख रहे हैं कि साम्प्रदायिक शक्तियां देश में बलवती हो रही हैं। कई राज्यों में साम्प्रदायिक हिंसा देखने को मिली है। इसमें उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। उत्तर प्रदेश में हो रही साम्प्रदायिक हिंसा में सपा और भाजपा शामिल हैं। सपा के सत्ता में आने के दिन से ही राज्य में शांति समाप्त हो गई है। लेकिन भाजपा के केन्द्र में आते ही हालात और भी खराब हो गए।’ सपा और भाजपा पर उन्होंने आरोप लगाया कि ये दोनों उत्तरप्रदेश में राजनीतिक लाभ के लिए जानबूझकर साम्प्रदायिक तनाव पैदा कर रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के नाम किए गए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पहले संबोधन के बारे में बसपा प्रमुख ने कहा कि यह चार राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए दिया गया ‘चुनावी भाषण’ ज्यादा लगा। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री ने कहा कि वह प्रधान सेवक हैं लेकिन वह प्रधान सेवक नहीं लगे, बल्कि झारखंड, महाराष्ट्र, जम्मू कश्मीर और हरियाणा को ध्यान में रख कर चुनावी भाषण देते ज्याद दिखे। उत्तरप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केन्द्र की सत्ता में आ गई है लेकिन ‘अच्छे दिन’ आते नहीं दिख रहे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।