संघ प्रमुख मोहन भागवत के विवादित बयान पर दिग्विजय सिंह ने साधा निशाना
(DELHI, India) कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने संघ प्रमुख मोहन भागवत को हिटलर कहा है। भागवत के विवादित बयान पर निशाना साधते हुए दिग्विजय सिंह ने टि्वटर पर लिखा है कि हम लोग एक ही हिटलर को जानते थे, लेकिन यहां दो हैं। अब भारत को भगवान ही बचायें। रविवार को संघ प्रमुख मोहन भागवत ने एक विवादित बयान देते हुए कहा था कि भारत एक हिन्दू राष्ट्र है और हिन्दुत्व उसकी पहचान है। वहीं, इससे पहले कटक में भागवत ने कहा था कि सभी भारतीयों की सांस्कृतिक पहचान हिन्दुत्व है और देशवासी इस महान संस्कृति के वंशज हैं। भागवत ने कहा था कि जब इंग्लैंड के निवासी को इंग्लिश, जर्मनी को जर्मन और अमरीका को अमरीकी कहा जाता है तो फिर हिन्दुस्तान के निवासियों को हिन्दू क्यों नहीं कहा जा सकता। दिग्विजय सिंह ने अपने अन्य ट्वीट में भागवत से पूछा है कि जब हिन्दुत्व एक धार्मिक पहचान है, तो सनातन धर्म क्या है। दिग्विजय ने आरएसएस के विचारधारा की तुलना तालिबान से करते हुए कहा है कि ऎसी सोच रखने वाले लोग देश की शांति को बिगाड़ रहे हैं। संघ पर निशाना साधते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा है कि धर्म को राजनीति से दूर रखना चाहिए और धर्म के नाम पर मासूम लोगों को मूर्ख नहीं बनाना चाहिए। हमें अपने सनातन धर्म और दूसरों के प्रति अपनी सहिष्णुता पर गर्व है।
आरएसएस प्रमुख के इस विवादित बयान के बाद दूसरी विपक्षी पार्टियों ने भी अपने तेवर कड़े कर लिये हैं। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष ने कहा कि जो लोग संघ और मोदी को अलग-अलग समझते हैं वे नहीं जानते कि दोनों समान गुण वाले हैं और मोदी संघ के विचारधारा की कठपुतली हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।