(HARYANA, India)
मोदी ने जनसभा में कहा कि रास्ते राष्ट्र के जीवन में धमनी का काम करते हैं, जो विकास को सुदूर इलाकों में पहुंचाते हैं। उन्होंने इस मौके पर यह भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने गांवों को सड़कों से जोड़ने की योजना चलाई थी, अब हर गांव में सिंचाई की व्यवस्था प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के जरिए होगी। जनसभा में मोदी के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद थे। भीड़ जहां मोदी के नारे लगा रही थी, वहीं हुड्डा की हूटिंग हुई। मोदी ने कहा, 'सारी समस्याओं का समाधान विकास है। विकास नहीं होगा तो रोजगार कैसे मिलेगा? इसलिए आगे बढ़ने के लिए विकास ही एकमात्र रास्ता है।' उन्होंने हरियाणा के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार से मिलकर काम करने का आह्वान किया। मोदी ने कहा, 'हरियाणा से सीखने को मिला। मैं हरियाणा की जनता के प्यार के लिए आभारी हूं। प्यार को विकास करके लौटाऊंगा। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को मैंने लाल किले से मन की बात कही थी, कुछ लोगों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ मैंने कुछ भी नहीं कहा। मोदी ने जनता से मुखातिब होते हुए पूछा, 'आप ही बताइए यहां मौजूद कोई भी शख्स भ्रष्टाचार के समर्थन में है क्या? भ्रष्टाचार की बीमारी कैंसर से भी बड़ी है। पूरे राष्ट्र जीवन को तबाह करने वाली बीमारी है। इसके खिलाफ देश में माहौल बनाना है और मैं महसूस कर रहा हूं कि देश अब लंबे समय तक बुराइयों को सहने के लिए तैयार नहीं है।' प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता के आशीर्वाद की ताकत से हम देश को इस बीमारी से मुक्त करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना की बात होती है तो लोग पूछते हैं, मेरा क्या? प्रधानमंत्री ने कहा कि 'मेरा क्या' और 'मुझे क्या' की भावना ने देश को तबाह कर दिया है। मोदी ने कहा कि पहली बारिश में धुलने वाला इंफ्रास्ट्रक्टर नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि पता नहीं इस तरह की परियोजनाओं का पैसा किसकी जेब में जाता है। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर कहा कि हरियाणा से जुड़ीं केंद्र की परियोजनाएं जल्दी पूरी होंगी। इसी सभा में जब मुख्यमंत्री हुड्डा बोलने के लिए खड़े हुए तो लोग हाथ हिलाकर बैठने के लिए कहने लगे। लोगों ने हुड्डा के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से शांत रहने की अपील की।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।