समारोह में हूटिंग से खीझे हुड्डा, बोले-मोदी के साथ अब मंच साझा नहीं करूंगा
(HARYANA, India) हुड्डा ने कहा कि वह पीएम मोदी के साथ भविष्य में कोई भी मंच साझा नहीं करेंगे। ज्ञात हो कि आज 166 किलोमीटर कैथल-राजस्थान बॉर्डर के लिए आधारशिला रखने के कार्यक्रम में हु्डडा को लोगों ने बोलने नहीं दिया। इससे खीझकर हुड्डा ने यह बात कही। पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित समारोह में मोदी के अलावा केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी भी मौजूद थे। समारोह में हुड्डा जैसे ही बोलने के लिए उठे, लोगों ने उनके खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिए। लोग हुड्डा को सुनने के लिए तैयार नहीं थे। नारेबाजी के बीच हुड्डा बोलते रहे लेकिन उनकी आवाज शोरगुल और नारेबाजी के बीच दब सी गई। लेकिन जैसे ही मोदी बोलने के लिए आए यही भीड़ शांत हो गई। भीड़ ने मोदी का भाषण शांतिपूर्वक सुना। इससे हुड्डा को काफी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। इसके बाद हुड्डा ने मीडिया से कहा कि वह आगे मोदी के साथ कोई भी मंच साझा नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, 'मैं आगे से किसी भी ऐसे समारोह में शिरकत नहीं करूंगा। हम लोगों को जरा भी सम्मान नहीं दिया गया। यह एक सरकारी कार्यक्रम था और मुझे आमंत्रित किया गया था लेकिन भाजपा ने इसे अपना समारोह बना लिया।'

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।