गोलाघाट में तनाव जारी, असम बंद के बीच आज मुख्यमंत्रियों से मिलेंगे रिजिजू
(ASSAM, India) हिंसा और तनाव के बीच केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू आज गोलाघाट जिले का दौरा करेंगे और असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई और नागालैंड के उनके समकक्ष से मुलाकात करेंगे। गोलाघाट की जिलाधिकारी जूली सोनोवाल ने कहा कि बुधवार को पुलिस फ़ायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई जिसके बाद जिले में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। करीब दो हफ्तों से जारी हिंसा में अब तक नौ लोगों की जान जा चुकी है। दरअसल कुछ नागा गुटों ने नागालैंड की असम को दी गई जमीन वापस मांग रहे हैं। इसको लेकर हिंसा शुरू हो गई है जो कम होने का नाम नहीं ले रही है और अब इसमें असम के राजनीतिक दल भी शामिल हो गए हैं। लोगों का कहना है कि असम सरकार उनकी सुरक्षा का पूरा इंतजाम नहीं कर रही है। मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने हिंसा के लिए गृह मंत्री राजनाथ सिंह को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सीमांत इलाकों में सुरक्षा मुहैया कराने में नाकाम रहा है। सूचना देने के बावजूद केंद्र की ओर से इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया। चूंकि तनाव दोनों राज्यों की सीमा पर है और यहां सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के पास है। इसलिए जिम्मेदारी केंद्र सरकार की ही बनती है। दरअसल, इस तनाव की शुरुआत 12 अगस्त को तब हुई जब नागालैंड सीमा पर बसे गोलाघाट में कुछ नगा उपद्रवियों ने हमला बोलकर असम के नौ लोगों को मौत के घाट उतार दिया और करीब सौ घरों में आग लगा दी। इस घटना के बाद असम के गोलाघाट जिले के सात गांवों के करीब 10 हजार लोग अपना घर छोड़कर भाग गए। असम के गोलाघाट में तनाव को काबू करने के लिए पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और 6 घायल हो गए। इसके बाद से ही लोग लगातार पुलिस और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।