(JHARKHAND, India)
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पीएम को चिट्ठी लिखने के बावजूद आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में सोरेन ने अपना भाषण देना शुरू किया तो भीड़ ने उनकी हूटिंग की और मोदी-मोदी के नारे लगाने शुरू कर दिये। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां पावर ग्रिड परियोजना का उद्घाटन करने आए थे। मालूम हो कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर आगाह किया था कि हरियाणा के कैथल में वहां के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के साथ हुई अपमानजनक घटना की रांची में गुरुवार को होने वाली उनकी रैली में पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए अन्यथा उसकी प्रतिक्रिया अच्छी नहीं होगी। झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम लिखे अपने पत्र को मीडिया को जारी किया था। सुप्रियो ने प्रधानमंत्री से यह भी शिकायत की है कि उनके राजनीतिक दल भाजपा ने गुरुवार के प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को पूरी तरह से भाजपा का राजनीतिक कार्यक्रम बनाने की कोशिश की है जिसे रोका जाना चाहिए। सुप्रियो ने पत्र की प्रतिलिपि केन्द्रीय गृहमंत्री और चुनाव आयोग को भी भेजकर उनसे प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर भाजपा के चुनाव चिह्न लगी गाड़ियों, झंडों आदि के उपयोग पर रोक लगाने की भी मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में एक लाख भोजन के पैकेट भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच बांटे जाने की तैयारी की गई है। पत्र में सवाल उठाया है कि आखिर इसके लिए धन कहां से आ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी आज यहां रांची के धुर्वा इलाके में प्रभात तारा मैदान में आनलाइन बेड़ो में बने पावर ग्रिड के सब स्टेशन, आईओसी की पाइप लाइन, उत्तरी कर्णपुरा में एनटीपीसी की बिजली परियोजना के कार्य का शुभारंभ करने पहुंचे थे । मोदी यहां एक जनसभा को भी संबोधित किया। मालूम हो कि इससे पहले हरियाणा के कैथल में आयोजित एक जनसभा में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में भीड़ से कुछ लोगों ने वहां के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के खिलाफ नारेबाजी की थी। अपनी हूटिंग से नाराज हुड्डा ने बाद में प्रधानमंत्री के साथ किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की घोषणा कर दी थी। कांग्रेस पार्टी के निर्देश पर हरियाणा के मुख्यमंत्री की तर्ज पर ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण ने भी नागपुर में आयोजित होने जा रहे प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की घोषणा की है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।