राज्‍यों की प्रगति के बिना देश का विकास संभव नहीं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
(Angara, Ranchi) रांची के धुर्वा इलाके के प्रभात तारा मैदान में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि झारखंड एक धनी राज्‍य है और यहां विकास की असीम संभावनाएं हैं। उन्‍होंने एनटीपीसी के थर्मल पावर प्रोजेक्‍ट की शुरुआत करने के बाद झारखंड के नागरिकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि आपने विकास के मार्ग को चुना है और आपने बीजेपी को भारी जनसमर्थन दिया है। मोदी ने कहा कि आपने जो प्‍यार दिया है, उसे मैं ब्‍याज समेत लौटाने आया हूं। मैं विकास के माध्‍यम से यह लौटाऊंगा। विकास के रास्‍ते को चुनने के लिए उन्‍होंने झारखंड का शुक्रिया अदा किया और जीत दिलाने के लिए झारखंड का अभिनंदन किया। उन्‍होंने कहा कि झारखंड में सबसे समृद्ध राज्‍य बनने की क्षमता है। इस राज्‍य में गुजरात की तुलना में अनेक गुना बढ़ने की ताकत झारखंड में है। प्राकृतिक संपदा से भरपूर झारखंड एक अहम भूमिका निभा सकता है। इसे प्रगति की नई ऊंचाई पर पहुंचाया जा सकता है। मगर झारखंड की मौजूदा स्थिति मुझे मंजूर नहीं है। उन्‍होंने सवालिया लहजे में कहा कि इतने खनिज वाला राज्‍य इतना पिछड़ा क्‍यों है। पीएम ने कहा कि मैं हैरान हूं कि वाजपेयी जी के समय में यहां शुरू हुई परियोजना जस की तस बनी हुई है और इसे अब मैं आगे बढ़ाऊंगा। झारखंड की इस धरती से देश के अंधेरे को दूर किया जाएगा। देश को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए इसका कोई भी हिस्‍सा दुर्बल नहीं होना चाहिए। देश में विकास लाने के लिए राज्‍यों को आगे बढ़ाना होगा। राज्‍यों की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। इसलिए केंद्र सरकार इस विकास में भागीदार होना चाहती है। पीएम ने आश्‍वस्‍त करते हुए कहा कि दिल्‍ली की सरकार सभी राज्‍यों के विकास में साथ देगी। राज्‍यों की अनदेखी से देश का विकास संभव नहीं है। माइन्‍स पर रॉयल्‍टी बढाने से झारखंड को 400 करोड़ रुपये का फायदा होगा। उन्‍होंने कहा कि झारखंड में आईआईआईटी की स्‍थापना जल्‍द होगी और काम शुरू कर दिया जाएगा। पानी की तरह घर घर गैस पहुंचाने का लक्ष्‍य रखा गया है। जगदीशपुर-हल्दिया पाइपलाइन से जल्‍द घर घर गैस पहुंचेगी। पीएम ने यह भी कहा कि डिजिटल इंडिया का सपना पूरा करेंगे। झारखंड भी डिजिटल इंडिया में जगह बना लेगा। उन्‍होंने कहा कि पूर्ण बहुमत की वजह से केंद्र सरकार कई महत्‍वपूर्ण और बड़े फैसले ले रही है। पूर्ण बहुमत की वजह से कई काम कर पा रहा हूं। चारों दिशाओं में बराबर विकास होना चाहिए। उन्‍होंने यह भी कहा कि पांच साल के बाद झारखंड कैसा हो, यह यहां की जनता को तय करना है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।