उपचुनाव 2014 के लिए वोटों की गिनती जारी, बिहार में महागठबंधन भाजपा से आगे
(BIHAR, India) देश भर की निगाहें इस उपचुनाव के नतीजों पर टिकी हुई हैं। केंद्र में एनडीए की सरकार बनने के बाद यह उपचुनाव नरेंद्र मोदी के लिए इम्तहान है, खासकर बिहार में जहां मोदी के दो मजबूत विरोधी लालू और नीतीश एक साथ आ गए हैं। इस उपचुनाव को प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के सेमीफाइनल के रूप में देखा जा रहा है।
बिहार के राजनगर से राजद उम्मीदवार राम अवतार पासवान जीते, भाजपा उम्मीदवार को 4000 वोटों से हराया
बिहार में मोहिउद्दीनगर से राजद के अजय बुल्गानिन 21 हजार वोटों से जीते
मध्यप्रदेश में आगर से भाजपा उम्मीदवार गोपाल परमार 27 हजार वोटों से जीते
बिहार के नरकटियागंज से भाजपा उम्मीदवार रश्मि वर्मा जीतीं
पंजाब के पटियाला से कांग्रेस उम्मीदवार परनीत कौर 23 हजार से ज्यादा वोटों से जीतीं
बिहार में 10 सीटों के रूझान मिले, 4 सीटों पर भाजपा आगे, 6 सीटों पर लालू-नीतीश-कांग्रेस गठबंधन आगे, राजद 2 सीट पर, जदयू 3 सीट पर और कांग्रेस एक सीट पर आगे
कर्नाटक में तीनों सीटों पर कांग्रेस आगे
मध्यप्रदेश में 2 सीटों पर भाजपा आगे, एक सीट पर कांग्रेस आगे
पंजाब में एक सीट में अकाली दल और एक सीट पर कांग्रेस आगे
निर्वाचन आयोग से सुबह 9 बजे तक के प्राप्त रुझानों के अनुसार, इन दस सीटों पर भाजपा छह सीटों पर, राजद दो और जदयू एवं कांग्रेस एक-एक सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। नरकटियागंज में भाजपा प्रत्याशी रश्मि वर्मा छठे राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस उम्मीदवार फखरुद्दीन खान से 1947 मतों के आगे हैं।
राजनगर (एससी) में भाजपा प्रत्याशी रामप्रीत पासवान चौथे राउंड की गिनती के बाद राजद उम्मीदवार रामावतार पासवान से 1289 मतों के आगे हैं। जाले में भाजपा प्रत्याशी रामनिवास प्रसाद दूसरे राउंड की गिनती के बाद जदयू उम्मीदवार ऋषि मिश्रा से 743 मतों से आगे हैं। छपरा में राजद प्रत्याशी रणधीर कुमार सिंह चौथे राउंड की गिनती के बाद भाजपा उम्मीदवार कन्हैया सिंह से 7740 मतों के आगे हैं। हाजीपुर में भाजपा प्रत्याशी अवधेश सिंह पहले राउंड की गिनती के बाद जदयू उम्मीदवार राजेंद्र राय से 182 मतों के आगे हैं। मोहिउद्दीनगर में राजद प्रत्याशी अजय कुमार बुलगानिन चौथे राउंड की गिनती के बाद भाजपा उम्मीदवार राजेश कुमार सिंह से 14004 मतों के आगे हैं। परबत्ता में जदयू प्रत्याशी रामानंद प्रसाद सिंह दूसरे राउंड की गिनती के बाद लोजपा उम्मीदवार सुहेली से 1613 मतों के आगे हैं। भागलपुर में कांग्रेस प्रत्याशी अजित शर्मा दूसरे राउंड की गिनती के बाद भाजपा उम्मीदवार नभय कुमार चौधरी से 2293 मतों के आगे हैं। बांका में भाजपा प्रत्याशी राम नारायण मंडल दूसरे राउंड की गिनती के बाद राजद उम्मीदवार इकबाल हुसैन अंसारी से 1452 मतों के आगे हैं। मोहनिया (एससी) में भाजपा प्रत्याशी निरंजन राम चौथे राउंड की गिनती के बाद जदयू उम्मीदवार चंद्रशेखर पासवान से 3513 मतों के आगे हैं। बिहार विधानसभा की इन 10 सीटों में से पांच हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में उनका प्रतिनिधित्व करने वालों के सांसद निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई थीं जबकि अन्य पांच का प्रतिनिधित्व करने वालों के विधायक पद से इस्तीफा दे दिए जाने के कारण रिक्त हो गयी थीं। पूर्व में इन सीटों में से छह भाजपा, तीन राजद और एक जदयू के पास थी। बिहार विधानसभा की इन 10 सीटों के परिणाम से साफ हो जाएगा कि हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू कायम है या फिर 20 साल के बाद एकजुट हुए प्रदेश के दो कद्दवार नेता लालू प्रसाद और नीतीश कुमार की साख बच पाती है या नहीं। बिहार विधानसभा की इन दस सीटों पर 94 उम्मीदवार हैं जिनमें महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। हालांकि इस उपचुनाव को लेकर मतदाता उतने उत्साहित नहीं दिखे क्योंकि मात्र 47 प्रतिशत मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 40 लोकसभा सीटों में 31 सीटें जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) गठबंधन के हाथों करारी मात खाने वाले कांग्रेस को साथ लेकर मंडल शक्ति का प्रतिनिधित्व कर रहे लालू प्रसाद और नीतीश कुमार की एकजुटता भाजपा-लोजपा-रालोसपा गठबंधन को इस उपचुनाव में रोक पाने में कामयाब हो पाती है या नहीं इसका फैसला आज हो जाएगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।