(DELHI, India)
भाजपा की तरफ से जारी एक बयान में नायडू के हवाले से कहा गया, ‘एक ताजा सर्वेक्षण में संकेत मिले कि 57 फीसदी लोगों ने नरेंद्र मोदी को सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्री माना । सर्वेक्षण के मुताबिक, यदि चुनाव अभी कराए गए होते तो भाजपा को अपने दम पर 314 सीटें हासिल होतीं जो मौजूदा संख्या से 32 सीटें ज्यादा है ।’ केंद्रीय संसदीय-कार्य मंत्री नायडू आज दोपहर प्रदेश भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे । नायडू ने कहा, ‘साल 2014 के लोकसभा चुनाव भाजपा और देश के इतिहास में युगांतकारी हैं । ऐसा इसलिए क्योंकि भाजपा को 1980 में अपने गठन के बाद पहली बार अपने बल पर बहुमत हासिल हुआ और देश ने पहली दफा किसी गैर-कांग्रेस सरकार को स्पष्ट बहुमत दिया ।’ भाजपा नेता ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुआ संसद सत्र सफल और रचनात्मक रहा जिसमें समय का पूरा उपयोग हुआ, 12 विधेयक पारित किए गए एवं जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की गई । नायडू ने कहा कि गुजरात, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ में भाजपा की अगुवाई वाली सरकारों ने पिछले 15 साल में लगातार प्रभावी, विकासोन्मुख एवं जनहितैषी प्रशासन दिया जिसकी मदद से केंद्र में पार्टी को सत्ता मिली ।
Author: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।