BJP अध्यक्ष अमित शाह ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह और उनके बेटे को दी क्लीन चिट
(DELHI, India) शाह ने कहा कि ऐसे कुत्सित प्रयास नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार के विकास के एजेंडा को जनता की नजरों से नजरअंदाज करने में सफल नहीं हो सकेंगे। उन्होंने यहां जारी बयान में कहा, ‘मेरा यह मत है कि हमारे सभी मंत्रियों का आचरण उच्च कोटि का है और उनकी सत्यनिष्ठा असंदिग्ध है। उनके बारे में सभी प्रचार निराधार और भ्रामक हैं।’ इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज को कथित कदाचार के लिए फटकार लगाए जाने के दावे करने वाली खबरों को आज प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्री दोनों ने खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह ‘झूठी’ रिपोर्ट बताया। शाह ने गृह मंत्री और उनके पुत्र को क्लीन चिट देते हुए कहा, ‘‘राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह जो कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश भाजपा के महासचिव हैं, विगत 10 साल से उत्तर प्रदेश भाजपा के एक निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में भिन्न भिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। राजनाथ सिंह का राजनीतिक जीवन शालीनता, सौम्यता और शुचिता का प्रतीक है।’ उन्होंने कहा कि इन दोनों के संदर्भ में प्रचारित किए जा रहे आरोप ‘आधारहीन, तथ्यहीन और पार्टी की छवि को धूमिल करने की दुर्भावना से प्रेरित हैं। मैं इसकी घोर निंदा करता हूं।’

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।