आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने दावा किया है कि बीजेपी ने उन्हें दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाने की पेशकश की थी। कुमार विश्वास के मुताबिक उन्हें यह भी बताया गया था कि आप के 12 विधायक जो चुनाव नहीं चाहते हैं वे उन्हें बतौर सीएम समर्थन देने के लिए तैयार हैं। हालांकि बीजेपी ने उनके दावों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया है। जानकारी के मुताबिक लोकसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के तीन दिन बाद कुमार विश्वास के गाजियाबाद स्थित मकान में 19 मई को दिल्ली से पहली बार सांसद बने एक नेता ने मुलाकात की थी। इसकी पुष्टि करते हुए विश्वास ने बताया कि 19 मई को रात साढ़े दस बजे बीजेपी के एक सांसद मेरे घर आए थे। वह सुबह साढ़े तीन बजे तक मुझे समझाते रहे कि मुझे बीजेपी को सरकार बनाने में मदद करनी चाहिए। उन्होंने मुझे यह भी कहा कि वे लोग मुख्यमंत्री के रूप में मेरा समर्थन करने को तैयार हैं। आप नेता ने दावा किया कि मिलने वाले सांसद का कहना था कि वह बड़े नेताओं के आदेश पर आए हैं और अगर मैं तैयार हो जाता हूं तो इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए अशोका होटेल ले जाएंगे और सही आदमी से मिलवाएंगे। कुमार विश्वास का कहना है कि मैंने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया और तुरंत पार्टी को इसकी सूचना दी। उन्होंने सांसद का नाम लेने से इनकार करते हुए कहा कि उनसे मेरे व्यक्तिगत संबंध हैं।
Author: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।