(DELHI, India)
यह एक राष्ट्रीय आपदा है। मोदी ने कहा कि इस विपदा से बाहर निकलने के लिए केंद्र सरकार अपना पूरा सहयोग राज्य सरकार को देगा। बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद पीएम मोदी ने संवाददाताओं से कहा, 'कश्मीर में ज्यादा लोगों की मौत हुई है। बाढ़ से हजारों घर प्रभावित हुए हैं। यह पीड़ा पूरे देश की है।' प्रधानमंत्री ने बाढ़ में मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए के मुआवजे की घोषणा की है। मोदी ने कहा कि सरकार ने राज्य सरकार को 1000 करोड़ रुपए का आर्थिक पैकेज देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए जल्द ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उऩ्होंने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर में भी बाढ़ से तबाही हुई है। पाकिस्तान सरकार यदि चाहे तो भारत पाक अधिकृत कश्मीर में भी राहत-सामग्री भेज सकता है। प्रधानमंत्री ने देश के लोगों से जम्मू एवं कश्मीर के लोगों की मदद करने की अपील की है। भीषण बारिश से आई बाढ़ और भूस्खलन से 150 से ज्यादा लोगों की जानें चली गई हैं। हजारों लोग बेघर हो गए हैं। जबकि करीब 2500 गांव जलमग्न हो गए हैं। यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, सड़कें, कई पुल पानी के बहाव में बह गए हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इसकी तुलना केदारनाथ की त्रासदी से की। जम्मू कश्मीर में बाढ़ की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियानों में शामिल होने को कहा है। भाजपा ने एक बयान में कहा कि शाह ने बाढ़ में लोगों की मौत पर शोक जताया और कहा कि संकट में प्रभावित लोगों की मदद के लिए हर प्रयास किए जाएंगे। पार्टी महासचिव जे पी नड्डा ने कहा कि चार राज्यों पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली तथा केंद्रशासित चंडीगढ़ के भाजपा सांसदों और विधायकों से राहत एवं बचाव कार्य में मदद करने को कहा गया है।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।