भाजपा पर केजरीवाल ने लगाया आरोप, दिनेश मोहनिया को 4 करोड़ में खरीदने की कोशिश
(DELHI, India) राज्य में सरकार बनाने के लिए चल रहे तमाम तिकड़म के बीच सोमवार को आप नेता अरविंद केजरीवाल ने "ऑपरेशन पर्दाफाश" नाम से स्टिंग जारी कर यह दावा किया है कि भाजपा ने दिल्ली में सरकार बनाने के लिए दिनेश मोहनिया को 4 करोड़ रूपए में खरीदने की पेशकश की है। केजरीवाल का आरोप है कि बीजेपी जोड़तोड़ कर रही है और आप के विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। केजरीवाल ने दिल्ली की कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिल्ली बीजेपी के उपाध्यक्ष शेर सिंह डागर पर दिनेश मोहनिया को 4 करोड़ रूपए में खरीदने की पेशकश का आरोप लगाया है। इस वीडियो में शेर सिंह और दिनेश मोहनिया नजर आ रहे हैं। इसके अलावा आप पार्टी ने बीजेपी पर चार से ज्यादा विधायकों को खरीदने की कोशिश का आरोप लगाया है। उधर बीजेपी ने इन आरोपों को झूठा बताया है। भाजपा ने डागर का बचाव करने से मना कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से मना कर दिया है। वहीं कांग्रेस ने कहा है कि खरीद-फरोख्त से सरकार नहीं बननी चाहिए और दिल्ली में फिर से चुनाव करवाने की मांग की है। केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी का एक भी विधायक नहीं बिका है। केजरीवाल पहले ही अपनी पार्टी के विधायकों को कह चुके हैं कि कोई भी उन्हें खरीदने की पेशकश करें तो उन्हें मना न करें और वीडिया बना कर स्टिंग करें। केजरीवाल पहले भी यह कह चुके हैं कि बीजेपी के पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त सीटें नहीं है और सरकार बनाने के लिए बीजेपी विधायकों को खरीदने की कोशिश कर सकती है। केजरीवाल ने कहा, "भाजपा हमारे विधायकों को पिछले एक महीने से मनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन हम उन्हें सत्ता में नहीं आने देंगे। वे दिल्ली की जनता के साथ धोखा कर रहे हैं।" केजरीवाल के 14 फरवरी को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लागू है।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।