अमित शाह ने झारखंड में फूंका चुनावी बिगुल
(India)
झारखंड में विधानसभा चुनाव नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रांची में हुई कार्यकर्ता रैली में इसकी घोषणा की। शाह ने कहा कि हिन्दुस्तान को 21वीं सदी में ले जाने वाले अभियान का नेतृत्व झारखंड के हाथों में होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस बार झारखंड को बीजेपी युक्त बनाएं। रांची के धुर्वा इलाके के प्रभात तारा मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मलेन के दौरान बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री सालों बाद इस देश को मिला है। शाह के मुताबिक देश के नए प्रधानमंत्री जनता का दुख समझते हैं और वे देश के विकास के लिए कृतसंकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने 100 दिन के अंदर ही एक ठोस शुरुआत की है। चाहे मामला महंगाई पर काबू पाने का हो या फिर देश की सुरक्षा का। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि बहुत दिनों के बाद देश को बोलने और कर दिखाने वाला प्रधानमंत्री मिला है। झारखंड में 24 घंटे बिताने के बाद अमित शाह ने ऐलान किया कि पार्टी अभी किसी को मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट नहीं करेगी। कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए शाह ने कहा कि उसमें बीजेपी से सीधे टकराने की हिम्मत नहीं है। इसी कारण वो गुरुजी के साथ खड़ी है। झारखंड में जारी नक्सली हिंसा पर चिंता जताते हुए शाह ने कहा कि भ्रष्टाचार और नक्सलियों के भरोसे विपक्ष चुनाव जीतना चाहता है। रैली में बीजेपी अध्यक्ष ने झारखंड की सत्ताधारी गठबंधन सरकार की भी जमकर खिंचाई की। वहीं कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए विधानसभा के लिए चुनावी बिगुल भी फूंक दिया। सभा के अंत में अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जम्मू-कश्मीर के बाढ़-पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।