अमेरिकी राष्‍ट्रपति बराक ओबामा से 29-30 सितंबर को मुलाकात करेंगे PM नरेंद्र मोदी
(DELHI, India) व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जोश अर्नेस्ट ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रपति बराक ओबामा 29-30 सितंबर को व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने को उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि ओबामा दोनों देशों के नागरिकों और दुनिया के फायदे के लिए भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी के वादे को पूरा करने के मकसद से मोदी के साथ काम करने को आशावान हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी का यह पहला अमेरिका दौरा होगा। अर्नेस्ट ने कहा कि दोनों नेता अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी को विस्तार देने और इसे प्रगाढ़ बनाने के क्रम में परस्पर हितों के व्यापक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि वे आर्थिक विकास को गति देने, सुरक्षा सहयोग को बढ़ाने तथा दोनों देशों और दुनिया के दीर्घकालीन फायदों से जुड़ी गतिविधियों में सहयोग के उपायों पर चर्चा करेंगे। व्हाइट हाउस के इस अधिकारी ने कहा कि वे अफगानिस्तान, सीरिया एवं इराक में मौजूदा घटनाक्रमों सहित क्षेत्रीय मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करेंगे जहां भारत और अमेरिका सकारात्मक नतीजे की दिशा में साझेदारों के साथ मिलकर काम कर सकते हैं।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।