राजनाथ सिंह काठमांडो में दक्षेस देशों के गृह मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे
(DELHI, India) इस बैठक के दौरान गृह मंत्री द्वारा सीमा पार आतंकवाद और कुछ दक्षेस देशों से चलाये जा रहे आतंकी ढांचे को खत्म करने जैसे मुद्दे को उठाये जाने की संभावना है । दक्षेस देशों की मंत्री स्तरीय और अधिकारी स्तरीय बैठक के दौरान आतंकवाद को खत्म करने, समुद्री सुरक्षा एवं समुद्री डकैती, नशीली दवाओं और नशीले पदार्थों एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई और साइबर अपराध जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी । सम्मेलन में इसके अलावा आपराधिक मामलों को रोकने में परस्पर सहयोग, महिलाओं एवं बच्चों की तस्करी रोकने और दक्षिण एशिया में बच्चों के कल्याण को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है । राजनाथ सिंह अपनी इस यात्रा के दौरान नेपाल के राष्ट्रपति राम बरन यादव, प्रधानमंत्री सुशील कोइराला, उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री बामदेव गौतम तथा नेपाली कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात करेंगे । सिंह नेपाल में अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं से भी मिलेंगे । मंत्री स्तरीय बैठक से पहले दक्षेस देशों के आव्रजन अधिकारी आज बैठक कर रहे हैं, जबकि गृह सचिवों की कल बैठक होगी । दक्षेस देशों के गृह मंत्रियों की पांचवीं बैठक सितम्बर 2012 में मालदीव में हुई थी ।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।