(MAHARASHTRA, India)
बहरहाल, दोनों दल 25 वर्ष पुराने गठबंधन को बचाने की कोशिशों में लगे हुए हैं। जानकारी के अनुसार, शाह ने आज शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से फोन पर बात की। बताया जा रहा है कि अमित शाह ने उद्धव से गठबंधन को बचाने की अपील की है। साथ ही बीजेपी अध्यक्ष ने उद्धव से सीट बंटवारे पर पुनर्विचार करने की भी अपील की है। शाह ने शिवसेना प्रमुख से लचीला रुख अपनाने की अपील करते हुए कहा कि उद्धव राज्य की 59 विधानसभा सीटों पर फिर से विचार करें। ये 59 सीट शिवसेना ने कभी नहीं जीती हैं। ऐसे में शिवसेना को सीट बंटवारे पर फिर से विचार करना चाहिए। शाह ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी राज्य में हारने वाली 19 सीटों पर फिर से विचार करने के लिए तैयार है। गौर हो कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए उद्धव ठाकरे ने अपनी गठबंधन सहयोगी बीजेपी को 119 से अधिक सीटें देने से मना कर दिया जिसके बाद दोनों दलों की महायुति के भविष्य पर रविवार को भी कोई फैसला नहीं हो सका। पार्टी सूत्रों ने बताया कि बीजेपी की महाराष्ट्र इकाई के नेता शिवसेना नेतृत्व के साथ बातचीत के नए दौर की उम्मीद के साथ सोमवार को मुंबई जाएंगे। अगले माह होने जा रहे महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और शिवसेना ने अपने उम्मीदवारों का चयन लगभग कर लिया है लेकिन सूची की घोषणा नहीं की है। उन्हें गठबंधन को बचाने के लिए आखिरी प्रयास के नतीजे का इंतजार है। बीजेपी के महाराष्ट्र मामलों के प्रभारी राजीव प्रताप रूडी ने यहां पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद कहा कि यह तय किया गया कि सीटों के बंटवारे पर और गठबंधन बनाए रखने के लिए एक सम्मानजनक तथा परिपक्व तालमेल सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। भाजपा विधानसभा चुनाव शिवसेना और गठबंधन के अन्य सहयोगियों के साथ मिल कर लड़ना चाहती है। समझा जाता है कि केंद्रीय चुनाव समिति ने 180 प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा के बाद 120 उम्मीदवारों के नाम चुने हैं। इसके बाद, बीजेपी को 119 सीटें देने की उद्धव ठाकरे की जिद के संदर्भ में रणनीति पर चर्चा के लिए भाजपा संसदीय दल की औपचारिक बैठक हुई। दोनों ही बैठकें 3 घंटे से अधिक चलीं और इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी, जुआल ओराम के अलावा शाहनवाज हुसैन, संगठन मंत्री रामलाल आदि मौजूद थे।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।