(ASSAM, India)
मेघालय के दक्षिण पश्चिम गारो हिल्स जिले के उपायुक्त राम सिंह ने बताया कि बाढ़ के चलते जिले में सात लोगों की मौत हो गई और 100 गांव जलमग्न हो गए। बाढ़ से एक लाख लोग प्रभावित हुए हैं। सिंह ने बताया, ‘‘बाढ़ से सात लोगों की मौत हो गई और 100 गांव जलमग्न हो गए जबकि एक लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए।’’ उन्होंने बताया कि बारिश से गनोल नदी में बाढ़ आ गई जिससे फसलों और मवेशियों को नुकसान पहुंचा है। बाढ़ से इलाके में राहत कार्य भी प्रभावित हुआ है। सिंह ने बताया जिंजीराम नदी की बाढ़ से पश्चिम गारो हिल्स जिले के अनेक गांव जलमग्न हो गए। मौसम विभाग ने मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और इक्का-दुक्का स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी दी है। इस बीच, गुवाहाटी के अतिरिक्त असम के गोआलपाड़ा, ढुबरी, लखीमपुर और कामरूप :ग्रामीण: जिले के अनेक गांव जलमग्न हो गए जबकि राज्य में तीन लोगों की मौत हो गई। सेना, बीएसएफ और एनडीआरएफ बचाव अभियान में जिला प्रशासन की मदद कर रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि असम में ढुबरी के हत्सिंगीमारी और मनकछार सबसे ज्यादा प्रभावित रहे हैं। यहां, सेना, बीएसएफ और एनडीआरएफ ने 5000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इस बीच हत्सिंगीमारी इलाके में भूस्खलन में एक बच्चे की जान चली गई।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।