ओबामा ने पूछा मोदी से हाल, 'केम छो मिस्टर प्राइम मिनिस्टर'
पांच दिवसीय अमेरिकी यात्रा के सबसे अहम पड़ाव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाशिंगटन स्थित वाइट हाउस पहुंचे, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने दरवाजे पर आकर उनका स्वागत किया। दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच मुलाकात का यह पहला मौका था। ओबामा के डिनर में उप राष्ट्रपति जोए बिडेन, विदेश मंत्री जॉन केरी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सुजैनराइस भी आमंत्रित हुए। इसमें पीएम मोदी के साथ विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवाल, विदेश सचिव सुजाता सिंह और राजदूत एस. जयशंकर मौजूद रहे। बराक ओबामा ने पीएम मोदी का स्वागत 'केम छो मिस्टर प्राइम मिनिस्टर' कहकर किया वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओबामा को 'गीता' भेंट की है। मोदी ने मार्टिन लूथर किंग की ऑडियो रिकॉर्डिंग की क्लिप भी ओबामा को भेंट की। राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा आयोजित निजी रात्रि भोज के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्हाइट हाउस पहुंचने के साथ ही भारत तथा अमेरिका ने एक ‘विज़न स्टेटमेंट’ ‘चलें साथ साथ ( फॉरवर्ड टूगेदर वी गो) जारी किया जिसमें समृद्धि एवं शांति के लिए संयुक्त प्रयास करने का आह्वान किया है। व्हाइट हाउस ने एक बयान में कहा है ‘विविध परंपराओं और आस्थाओं वाले दो महान लोकतांत्रिक देशों के नेताओं के तौर पर हम उस भागीदारी के लिए एक दृष्टिकोण (विज़न) साझा करते हैं जिसके तहत अमेरिका और भारत न केवल हमारे दोनों देशों के लिए बल्कि पूरे विश्व के लाभ के लिए एक दूसरे के साथ काम करते हैं।’ ‘विज़न स्टेटमेंट’ में कहा गया है कि अमेरिका-भारत रणनीतिक भागीदारी वास्तव में शांति और समृद्धि के लिए संयुक्त प्रयास है और गहन विचारविमर्श, संयुक्त अभ्यासों, साझा प्रौद्योगिकी के माध्यम से उनके बीच सुरक्षा सहयोग क्षेत्र को और पूरे विश्व को सुरक्षित एवं संरक्षित बनाएगा। इसके मुताबिक, ‘एक दूसरे से मिलकर हम आतंकवादी खतरों का मुकाबला करेंगे और अपने देशों तथा नागरिकों को हमलों से सुरक्षा प्रदान करेंगे। इस बीच हम मानवीय आपदाओं और संकट के दौर से भी तेजी एवं समुचित तरीके से निपटेंगे।’ ओबामा द्वारा मोदी के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किए जाने के साथ ही स्थानीय भारतीय-अमेरिकियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन कर मोदी-ओबामा की मुलाकात का जश्न मनाया । इस अवसर पर व्हाइट हाउस के सामने ‘गरबा’ नृत्य पेश किया गया । कश्मीरी अलगाववादियों और सिख अलगाववादियों के एक छोटे से समूह ने भी व्हाइट हाउस के सामने प्रदर्शन किया, लेकिन मोदी समर्थकों की तुलना में उनकी संख्या काफी कम थी । हाल में दो बार हो चुकी सुरक्षा सेंध के मद्देनजर व्हाइट हाउस और अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक अतिथि गृह ब्लेयर हाउस के इर्द-गिर्द सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे ।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।