(DELHI, India)
उद्धव का बयान इस बात की ओर संकेत करता है कि महाराष्ट्र में भाजपा का साथ छोड़ने के बावजूद शिवसेना केन्द्र में सत्तारूढ़ गठबंधन के साथ बनी रह सकती है। शिवसेना प्रमुख ने सोमवार को कहा था कि केन्द्रीय कैबिनेट में उसके इकलौते मंत्री अनंत गीते इस्तीफा देंगे। हालांकि उनका यह भी कहना था कि राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन से हटना ‘आसान नहीं’ था। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि राजग में शामिल होना और फिर उससे बाहर निकलना आसान नहीं है। वे सभी सांसद जो निर्वाचित हुए हैं और जो उम्मीदवार जीत नहीं सके, सभी को शिवसेना और भाजपा दोनों के वोट मिले हैं। यह जनादेश है। प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत और हमारे समर्थकों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया जाएगा। महाराष्ट्र में गठबंधन टूटने के बावजूद केन्द्र में ‘सत्ता से चिपके’ रहने को लेकर मनसे प्रमुख राज ठाकरे की ओर से लगातार हमले झेल रहे शिवसेना प्रमुख ने कल कहा था कि मोदी के अमेरिका से वापस लौटने के बाद गीते उन्हें अपना इस्तीफा सौंप देंगे।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।