(DELHI, India)
रेडियो के जरिए लोगों तक पहुंचने का फैसला करते समय मोदी ने इस कदम के लिए प्रारूप एवं आवृत्ति के बारे में जनता से सुझाव मांगे थे। ‘माय जीओवी’ नाम से एक वेबसाइट शुरू की गई ताकि नागरिक अपने विचार साझा कर सकें। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘रेडियो कार्यक्रम प्रधानमंत्री की ओर से लोगों के साथ नए ढंग से संवाद करने का एक और कदम है।’ बयान में कहा गया है, ‘देशवासियों के साथ अपने विचार साझा करने के प्रधानमंत्री के विचार को लोगों ने पूरे उत्साह से लिया है। इस पर देश के सभी कोनों से प्रतिक्रिया आई है।’ ‘मन की बात’ नामक शीर्षक से होने वाले प्रधानमंत्री के इस संबोधन को आकाशवाणी द्वारा दो अक्तूबर को रिकॉर्ड किया जाएगा। यह कार्यक्रम तीन अक्तूबर को आकाशवाणी के संपूर्ण नेटवर्क पर सुबह 11 बजे से प्रसारित होगा। अधिकारियों ने कहा कि दूरदर्शन भी इसे सटीक फुटेज के साथ प्रसारित करने की योजना बना रहा है। सूत्रों ने कहा कि सार्वजनिक प्रसारक सभी निजी रेडियो चैनलों और समाचार एवं समसामायिक चैनलों को ऑडियो फीड मुफ्त में प्रदान करने की योजना बना रहा है ताकि यह सभी माध्यमों से प्रसारित हो सके।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।