रेवाड़ी और बावल में प्रचार करेंगे चैटाला
(India)
इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चैटाला के खुद चुनावी मैदान में उतरने से पार्टी का चुनावी गणित भी बदलना तय माना जा रहा है। चैटाला 6 अक्टूबर को रेवाड़ी और बावल विधानसभा सीटों पर पार्टी के उम्मीदवारों का प्रचार करने के लिए आ रहे हैं। अहीरवाल में चैटाला के आगमन को इनेलो के रेवाड़ी विस सीट से उम्मीदवार सतीश यादव खुद के लिए वरदान मान रहे हैं। कुछ दिन पहले तक ये कल्पना भी नहीं की थी कि चैटाला चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतरेंगे, लेकिन जींद की रैली के बाद समीकरण बदल गये। इनेलो की टीम मतदाताओं के बीच ये बात प्रचारित कर रही है कि नौकरी देने के बदले में इनेलो सुप्रीमो सजा भुगत रहे हैं। इनेलो प्रत्याशी सतीश यादव खुद अपनी चुनावी सभाओं में चैटाला की सजा को कांग्रेस की साजिश करार दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी छह अक्टूबर को जिला सचिवालय के पीछे स्थित हुडा मैदान में होने वाली इनेलो सुप्रीमो चै. ओमप्रकाश चैटाला की जनसभा पार्टी को रेवाड़ी में ही नहीं बल्कि पूरे अहीरवाल क्षेत्र में ताकत देगी। सतीश यादव ने कहा कि पार्टी के घोषणा पत्र में आम जनता से जुड़े मुद्दों को शामिल किया गया है। इनेलो सत्ता में आने पर मेडिकल कालेज जैसी इलाके की बड़ी मांगों को पूरा करेगी। सतीश यादव के प्रचार का रंग भी अब जमने लगा है। कल ग्रामीण सभाओं के दौरान निकाला गया उनका बड़ा मोटर साइकिल काफिला चर्चा में बना हुआ है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।