महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: पीएम नरेंद्र मोदी आज चार रैलियों को करेंगे संबोधित
(MAHARASHTRA, India) केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस चुनाव को प्रमुखता से ले रहे हैं। पीएम मोदी आज महाराष्ट्र में चार रैलियों को संबोधित करेंगे। उन्होंने कल (शनिवार) महाराष्ट्र में बीड़, औरंगाबाद और मुंबई में रैलियां कर राज्य में अपना तूफानी चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। पीएम मोदी की पहली सभा कोल्हापुर में है, जिसके बाद वह गोंदिया, सांगली और नासिक में रैलियों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की ये चारों रैलियां एनसीपी के गढ़ में है। इससे पहले लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी ने इन इलाकों में चुनाव प्रचार नहीं किया था, जिसके बाद से उन पर एनसीपी के प्रति नरम होने के आरोप लग रहे थे। पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लोगों से यह कहते हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में भाजपा को निर्णायक जनादेश देने की मांग की कि कांग्रेस और एनसीपी के 15 साल के शासन ने राज्य को ‘तबाह’ कर दिया। हालांकि, मोदी ने अपनी रैलियों में पूर्व सहयोगी पार्टी शिवसेना के बारे में कोई जिक्र तक नहीं किया। मोदी ने दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे के संसदीय क्षेत्र बीड़ में पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘कांग्रेस-राकांपा सरकार से किसी को कोई फायदा नहीं हुआ। किसान, दलित, युवक, आदिवासी, महिलाएं, गांव, शहर किसी को फायदा नहीं हुआ। एक पूरी पीढ़ी तबाह हो गई।’ प्रधानमंत्री ने यह कहते हुए अपने विरोधियों पर निशाना साधा कि वोट मांगने के बजाय वे उनकी आलोचना के मामले में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। पीएम ने मुंबई में कहा कि मुंबई एक ‘मिनी इंडिया’ है और इस शहर में जो कुछ भी होता है उसका असर देश भर में पड़ता है। उन्होंने कहा, मैं समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना चाहता हूं और विकास की नई उंचाइयां छूना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के पहले बजट में मध्य वर्ग के लिए करों में छूट दी गई जिससे हर शख्स हर साल 35,000 रुपए की बचत कर सकता है। उन्होंने कहा कि झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले लोगों को 2022 तक अपना घर उपलब्ध होगा।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।