सीजफायर उल्लंघन: आर्मी चीफ सुहाग बोले- पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रही भारतीय सेना
(JAMMUandKASHMIR, India) उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की गोलीबारी का भारतीय सेना के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। आर्मी चीफ का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान की तरफ से सीमा पर हो रही गोलीबारी का भारतीय सेना ने जबरदस्त जवाब दिया है। मंगलवार रात अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारत ने पाकिस्तान की कई चौकियों को नष्ट कर दिया है। भारत ने पाकिस्तानी सीमा की 50 चौकियों पर फायरिंग कर उसे करारा जवाब दिया है। बीएसएफ और सेना के जवान पाकिस्तानी गोलीबारी का जवाब दे रहे हैं। इस बीच जम्मू कश्मीर में पूरी 192 किमी लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगने वाली 50 सुरक्षा चौकियों और तीन दर्जन रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए पाकिस्तानी सैनिकों ने रात भर मोर्टार दागे और गोलीबारी की जिससे एक महिला की मौत हो गई और 11 व्यक्ति घायल हो गए। पाकिस्तानी रेंजरों ने संघषर्विराम उल्लंघन को नए इलाकों तक फैलाते हुए जम्मू, सांबा और कठुआ में सीमावर्ती चौकियों तथा गांवों में रात भर मोर्टार दागे और गोलीबारी की। बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि सांबा के जलादी गांव में गोलाबारी में एक महिला मारी गई और बीएसएफ के तीन कर्मियों सहित 11 व्यक्ति घायल हो गए। एक अक्तूबर के बाद से संघषर्विराम उल्लंघन की घटनाओं में अब तक सात व्यक्ति मारे जा चुके हैं और करीब 70 घायल हुए हैं। इन जिलों के 16,000 से अधिक लोग सुरक्षित इलाकों की ओर जा चुके हैं।प्रवक्ता ने बताया ‘पाकिस्तानी रेंजरों ने कल रात आठ बजे से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ की चौकियों पर बिना किसी उकसावे के मोर्टार से गोले दागे और गोलीबारी की।’ उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में बीएसएफ की कम से कम 50 सीमाई चौकियां प्रभावित हुई हैं। जम्मू और सांबा जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे अरनिया, आर एस पुरा, कनाचक और परगवाल सब सेक्टरों के इलाकों को भी गोलाबारी का निशाना बनाया गया। विस्तृत ब्यौरा देते हुए उन्होंने बताया कि पाक रेंजरों ने कठुआ जिले में सांबा, हीरानगर पट्टी में बीएसएफ की लगभग सभी चौकियों को निशाना बनाया। प्रवक्ता के अनुसार, अरनिया में कुछ जगहों पर गोलीबारी सुबह तक जारी थी। उन्होंने बताया ‘सभी जगहों पर बीएसएफ के जवानों ने पाकिस्तान की गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया।’ नियंत्रण रेखा से लगने वाले इलाकों में भारतीय बलों की जवाबी कार्रवाई के बाद मेंधार और पुंछ सेक्टरों में गोलीबारी देर रात बंद हो गई। जम्मू के जिला मजिस्ट्रेट अजीत कुमार साहू ने बताया कि देर रात से जम्मू जिले के अग्रणी इलाकों में 25 से 27 सीमाई गांवों पर मोर्टार दागे गए और गोलीबारी की गई।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।