हरियाणा चुनाव राज्य की किस्मत पर फैसला करने का मौका: मोदी
(Mahendragarh, Mahendragarh) हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत देने की अपील करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को प्रदेश के मतदाताओं से कहा कि आसन्न विधानसभा चुनाव राज्य की किस्मत बदलने का मौका है और उन्हें जाति, धर्म, सम्प्रदाय और पंथ से उपर उठकर पहल करनी चाहिए। राज्य में 15 अक्तूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के क्रम में कई रैलियों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि वह ‘स्कैम हरियाणा’ को स्किल हरियाणा में बदलना चाहते हैं। इस क्रम में उन्होंने कांग्रेस और इनेलो दोनों को निशाना बनाया। राष्ट्र ध्वज में अशोक चक्र के नीले रंग के साथ तीन अन्य रंगों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने देश को आगे बढाने के लिए ऊर्जा (केसरिया), कृषि (हरित) मत्स्य क्षेत्र (नीला) एवं दुग्ध उत्पादन (श्वेत) के क्षेत्र में ‘चार रंग’ की क्रांति का आह्वान किया। मोदी ने कहा कि वह केंद्र और राज्यों के बीच अच्छे संबंधों के पक्षधर हैं और उनके अनुसार अभी तक ऐसा नहीं देखने को मिला है। हरियाणा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव इस बारे में नहीं है कि कौन जीतेगा या किस पार्टी की सरकार बनेगी। यह हरियाणा की किस्मत पर फैसला करने का चुनाव है।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।